हरियाणा के अंबाला में मंगलवार को साहा पुलिस थाने के ठीक सामने हुए सड़क हादसे में पसियाला गांव की एक महिला की मौत हो गई। महिला सड़क पार कर रही थी, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क पार करते समय हुआ हादसा पसियाला गांव की रहने वाली 33 वर्षीय देवी चंद मंगलवार को साहा थाना क्षेत्र के पास सड़क पार कर रही थी। चश्मदीदों के अनुसार, तभी एक अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला मौके पर ही गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। चश्मदीद ने बताया हादसे का पूरा घटनाक्रम पसियाला गांव के निवासी नसीब सिंह ने बताया कि यह हादसा उनकी आंखों के सामने हुआ। उन्होंने तुरंत डायल-112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। नसीब सिंह और पुलिस की मदद से घायल महिला को अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। साहा थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस पुलिस साहा थाने के आसपास और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार कार का नंबर ट्रेस किया जा सके और आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।