करनाल पुलिस के CCTV से सबूत नहीं लगे हाथ:युवक पर फायरिंग का मामला, लाइटर मांगने के बहाने चलाई थी गोली

करनाल शहर में कर्ण विहार और सेक्टर-6 के बीच सोमवार देर शाम युवक की टांग पर गोलियां मारने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है और सीसीटीवी भी खंगाले है, लेकिन सीसीटीवी से कोई बड़ी हेल्प तो नहीं मिल पाई, लेकिन आसपास के लोगों से पूछताछ में यह जरूर सामने आया है कि घायल युवक झगड़ालू प्रवृति का रहा है। हालांकि अभी तक घायल युवक कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पाया है, जबकि हमलावरों ने उसको उसकी फोटो दिखाकर और कंफर्म करने के बाद ही फायरिंग की थी। हमलावरों को किसी अन्य व्यक्ति ने भेजा ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हमलावरों को किसी अन्य व्यक्ति द्वारा भेजा गया था, या फिर इनकी कोई ऐसी रंजिश है। जिसके बाद में घायल कोई खुलासा नहीं कर रहा। दूसरा यह भी है कि युवक ने करीब 4 घंटे बाद पुलिस को घटना के बारे में बताया था। आज पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर घायल के ब्यान के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर के पास तक पीछा करते रहे गांव करसिंधू के उज्ज्वल उर्फ मोनू फिलहाल कर्ण विहार में रहता है। उसने पुलिस को दिए ब्यान में बताया है कि वह शीशा लगाने का काम करता है और पिछले तीन साल से अपने मामा महाबीर के पास रह रहा है। 19 अप्रैल की शाम वह अपनी एक्टिवा पर हर्ष अस्पताल करनाल में अपनी बुआ से मिलने गया था। अस्पताल के पास एक खोखे के नजदीक दो युवक बाइक पर आए और उसे देखने लगे। जब वह वहां से निकला और कर्ण विहार की तरफ जाने लगा तो वही दोनों युवक उसका पीछा करते हुए सेक्टर-6 तक आते दिखे। उन्होंने उसे कई बार रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने एक्टिवा नहीं रोकी। लाइटर के बहाने साइड में बुलाया उज्ज्वल के अनुसार जब वह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच कर्ण विहार गोल्फ लिंक सोहना रोड पर पहुंचा, तो बाइक सवार युवकों ने उसकी एक्टिवा के आगे बाइक लगाकर उसे रोक लिया। उन्होंने उससे पूछा कि क्या उसके पास लाइटर है। उज्ज्वल ने मना किया और कहा कि वह दुकान से लाकर दे देगा। इसके बाद एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा उसे साइड में ले गया। उसने कंधे पर हाथ रखकर थोड़ी दूरी पर सुनसान जगह में ले जाकर अपने मोबाइल में एक फोटो दिखाई और पूछा कि क्या यह वही है, उज्ज्वल ने फोटो देखकर हामी भरी। बचाव में टांग में लगी गोलियां जैसे ही उज्ज्वल ने फोटो की पुष्टि की, आरोपी ने जेब से पिस्टल निकालकर उस पर फायर कर दिया। उज्ज्वल ने तुरंत हमलावर का हाथ पकड़ लिया, लेकिन गोली उसकी टांग में लग गई। इसके बाद आरोपी ने लगातार 4-5 फायर किए, जिनमें से कई गोलियां उसकी दाहिनी टांग में लगी। गोली लगने के बाद उज्ज्वल ने शोर मचाया। आवाज सुनकर दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक पर फरार हो गए। मामा को फोन कर अस्पताल पहुंचा घायल घटना के बाद उज्ज्वल ने अपने मामा महाबीर को फोन किया। सूचना मिलते ही महाबीर मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए कल्पना चावला अस्पताल करनाल में भर्ती कराया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। उज्ज्वल ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों को नाम से नहीं जानता, लेकिन सामने आने पर पहचान सकता है। घटनास्थल से मिले पांच खोल पुलिस को 19 अप्रैल को सूचना मिली, जिसके बाद पीएसआई निरंजन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान घटनास्थल से पिस्टल के पांच खाली खोल मिले, जिन पर 7.65 केएफ लिखा हुआ है। इसके अलावा एक सिक्का, खून से सना सामान और एक जोड़ी चप्पल भी बरामद की गई। पुलिस टीम जब अस्पताल पहुंची, तो डॉक्टरों ने घायल का मेडिकल किया। मेडिकल रिपोर्ट में फायर आर्म से तीन चोटें दर्ज की गईं। 20 अप्रैल को केस दर्ज, जांच शुरू पुलिस ने उज्ज्वल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 20 अप्रैल को थाना सेक्टर-32/33 करनाल में केस दर्ज किया। मामले की जांच पीएसआई निरंजन को सौंपी गई है। एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी खंगाले, लेकिन नहीं मिला साफ सुराग पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन उसमें आरोपियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन अभी तक आरोपियों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन इतना जरूर पता चला है कि घायल की प्रवृति झगड़ालू रही है। पुलिस के अनुसार अभी तक हमले के पीछे का कारण सामने नहीं आया है। यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपियों ने युवक को पहचानकर निशाना बनाया या कोई पुरानी रंजिश थी। जल्द गिरफ्तारी का दावा पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अलग-अलग एंगल से जांच चल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *