अपने ही खेत से तरबूज तोड़ने पर बच्चे की हत्या:आगरा में चाकू से पूरा चेहरा गोद डाला, पिता बोले- बेटे की आंख तक निकाल ली

आगरा में अपने ही खेत से तरबूज तोड़ने पर 13 साल के बच्चे की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसके चेहरे पर इतने चाकू मारे कि पहचानना मुश्किल हो गया। पिता ने बताया कि मेरे बेटे की एक आंख तक बाहर आ गई। मेरा बेटा शुक्रवार दोपहर को घर से गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर हम लोगों ने तलाश शुरू की। तभी बेटी ने भाई का शव खेत में पड़ा देखा। खेत को बंटाई पर लेने वाले लोगों ने बेटे की हत्या की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। घटना बसई जगनेर के सोनी खेड़ा गांव की है। 3 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से…
सोनी खेड़ा गांव के नरेश कुशवाह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने अपना खेत गांव के ही एक मुस्लिम व्यक्ति को बंटाई पर दे रखा है। जो सब्जी बेचने का काम करता है। बंटाई पर दिए खेत में तरबूज की खेती की गई है। शुक्रवार दोपहर में नरेश का 13 साल का बेटा अवनी खेतों पर तरबूज लेने गया था। उसके बाद वो शाम 5 बजे तक घर वापस नहीं आया। जब अवनी कई घंटे तक वापस नहीं आया तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। नरेश की बेटी भी भाई को खोजने निकली। उसने खेत में खून से लथपथ अवनी का शव पड़ा देखा। उसने परिवार वालों को इसकी सूचना दी। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि अवनी का चेहरा खून से लथपथ था। उसके पास में एक थैली में तरबूज और चाकू पड़ा था। हालात संभालने पहुंची 3 थानों की फोर्स इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने की कोशिश की। इस दौरान मृतक के परिजन पुलिस की गाड़ी के आगे बैठ गए। मृतक के पिता नरेश ने आरोप लगाया कि खेत को बंटाई पर लेने वाले लोगों ने तरबूज तोड़ने के विवाद में उसके बेटे की हत्या कर दी। परिजनों ने काफी देर तक शव उठाने नहीं दिया। रात करीब साढ़े 8 बजे तक खेत में ही बैठे रहे। इस बीच कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार भी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के काफी समझाने के बाद परिजनों ने बच्चे का शव पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने दिया। पिता बोले- मार-मार के बच्चे का मुंह फाड़ डाला
पिता नरेश ने बताया- देख लो भइया, ये मारा है मुंह में…देख लो, ये खून निकल रहा है। मेरे बेटे का मार-मार के मुंह फाड़ दिया है। हम तो भैया गरीब आदमी हैं, मजदूरी करने वाले। अब बताओ हम क्या करें? शर्म नहीं आती इन लोगों को? मार-मार के बुरा हाल कर दिया है। हम इंसाफ चाहते हैं। देख लो सब लोग, किस तरह मारा है। हमने अपना खेत कुछ लोगों को खेती के लिए किराए पर दिया था। आज सुबह-सुबह करीब 8 बजे किराए के पैसों को लेकर उनसे कहासुनी भी हुई थी। पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की
मृतक अवनी 7 भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह चार बहन और तीन भाई थे। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अवनी इधोंन के बसेड़ी में अंकिता बाल विद्या मंदिर में पढ़ता था। वह कक्षा 3 का छात्र था। बच्चे के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में करीब 13 लोगों के नाम बताए हैं। इनमें सद्दाम, अरशद, रशीद, आमेर, नदीम और रियाज अहमद शामिल हैं। डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया- पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह अभी साफ नहीं है। —————– यह खबर भी पढ़ें….. महिला से छेड़खानी करने वाले का एनकाउंटर:मुरादाबाद पुलिस ने पैर में मारी गोली, उम्र-45 साल, लेडीज टेलर है आरोपी मुरादाबाद में बुर्का पहने महिला से सुनसान गली में छेड़खानी करने वाले 45 साल के आरोपी नौशाद का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। गुरुवार रात 11 बजे पुलिस ने उसे घेरा तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। फिलहाल, उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *