मुजफ्फरपुर में 5 दिन पहले महिला और उसके दो बच्चों की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड में पुलिस ने महिला के पति संतोष कुमार को आज गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने प्रेम प्रसंग में हत्या की घटना को अंजाम दिया है। हत्याकांड में आरोपी की प्रेमिका भी शामिल थी, उसे भी गिरफ्तार किया गया है। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि मुख्य आरोपी संतोष ने हत्या की झूठी कहानी बनाकर कांटी थाने में FIR दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच शुरू की और शक के आधार पर संतोष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में संतोष टूट गया। फिर जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि हमारी करीना कुमारी नामक महिला से प्रेम संबंध था। हम दोनों शादी करना चाहते थे। इस शादी में पत्नी बाधा बन रही थी। इसलिए पत्नी और दो बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया। अब जानिए क्या है पूरा मामला 28 अप्रैल यानी 5 दिन पहले संतोष कुमार की पत्नी रीता देवी (30), बेटी वैष्णवी (2 साल) और बेटा कन्हैया (3 महीना) की हत्या हुई थी। संतोष कुमार उर्फ मिठाई लाल ने पुलिस को बताया था कि बदमाशों ने घर में घुस कर ट्रिपल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम भी पहुंचकर सबूत जुटाई। मामले में मृतक महिला के पति संतोष कुमार ने जमीन विवाद का हवाला देते हुए पट्टीदार के खिलाफ केस दर्ज कराया था। घर के दरवाजे बाहर से बंद थे महिला के पति कैटरिंग का काम करता है। संतोष ने बताया था कि सोमवार की रात एक कैटरिंग ऑर्डर को पूरा करने के लिए मैं अपने भाई के साथ बारात में गया था। मंगलवार सुबह करीब 3.30 बजे घर पहुंचा। घर के सभी दरवाजा बाहर से बंद था। तभी मुझे शक हुआ। मैंने और भाई ने जैसे-तैसे घर का दरवाजा खोला और अंदर गए तो देखा तीनों का शव पड़ा है। हत्या के दिन की तीन तस्वीरें…. जमीन भी बेची दी और परिवार को भी मार डाला संतोष ने झूठी कहानी बनाकर हत्या के दिन बताया था, ‘हमारे रिश्तेदार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। यह विवाद काफी पुराना है। उन लोगों ने हमारी जमीन भी बेच दी और मेरे परिवार को भी खत्म कर दिया।’ हत्या से एक दिन पहले रिश्तेदारों ने धमकी दी थी कि पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। लेकिन मैंने धमकी को नजरअंदाज कर दिया। वो लोग पहले भी कई बार धमकी दे चुके हैं। मृतका के मामा ससुर अमरनाथ ने बताया, ‘पहले से जमीन विवाद चल रहा है। 10 बार से ज्यादा पंचायती भी हो चुकी है। पिछले साल अक्टूबर में भी पंचायती हुई थी। आरोपी परिवार ने जमीन बेचकर ज्यादा पैसे खुद रख लिया था। उनलोगों ने कई बार मेरे भांजे को धमकी दी थी कि सबको मार डालेंगे। आज सुबह बहन से मुझे फोन करके कहा जल्दी आओ घर में सबको मार कर सुला दिया है।’ पुलिस की जांच में पलटी कहानी SSP के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। इस टीम ने जांच शुरू की। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे कहानी पलटती गई। ग्रामीण एसपी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्लियर हो गया कि रस्सी से गला घोंट कर हत्या की गई है। हत्या से पहले बेहोशी की दवा भी खिलाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सारी सच्चाई बता दी। पुलिस ने रस्सी को भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार संतोष और करीना से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।