सोनीपत में नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक माहौल अचानक हिंसक हो गया। इनेलो के काफिले पर ईंट-पत्थर बरसाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब पार्टी कार्यकर्ता और जिला अध्यक्ष प्रचार के लिए विकास नगर इलाके में पहुंचे हुए थे। इस हमले में जिला अध्यक्ष की गाड़ी को नुकसान पहुंचा है, जबकि वे खुद बाल-बाल बच गए। इनेलो नेताओं ने इसे सुनियोजित हमला बताते हुए जान से मारने की साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रचार के दौरान काफिले पर हमला इनेलो के जिलाध्यक्ष कुनाल ने सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे विकास नगर गली नंबर-2 में चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ लोगों ने उनके काफिले पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हमले से अफरा-तफरी मच गई और कार्यकर्ताओं में डर का माहौल बन गया। गाड़ी को नुकसान, बाल-बाल बचे जिलाध्यक्ष हमले के दौरान जिलाध्यक्ष की गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है। गाड़ी की सीट तक टूट गई, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हमला कितना तेज था। गनीमत रही कि जिलाध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता इस हमले में सुरक्षित बच गए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानलेवा हमले का आरोप इनेलो जिलाध्यक्ष कुनाल ने इस घटना को महज विरोध नहीं बल्कि सुनियोजित हमला बताया है। उनका आरोप है कि चुनाव प्रचार को रोकने और उन्हें चोट पहुंचाने की नीयत से यह हमला किया गया। उन्होंने इसे सीधे तौर पर जानलेवा हमला करार दिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना की सच्चाई घटना के दौरान स्थानीय निवासी जयसिंह मौके पर मौजूद थे। उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने अपनी आंखों से पूरे घटनाक्रम को देखा है। उनके बयान को पुलिस जांच में अहम माना जा रहा है, जिससे हमलावरों की पहचान में मदद मिल सकती है। पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाले जा रहे मामले की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लिखित शिकायत दर्ज कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।