अबोहर के गांव बकैनवाला में एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से भाई-बहन की हालत गंभीर हो गई। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना 14 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय कोमल अपने परिवार के साथ खेत में गेहूं की कटाई कर रही थी। वह पानी लेने डिग्गी के पास गई, जहां पैर फिसलने से वह उसमें गिर गई। उसे बचाने के लिए 21 वर्षीय भाई सचिन तुरंत डिग्गी में कूद गया, लेकिन वह भी पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों भाई-बहन को डिग्गी से बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल अबोहर पहुंचाया। प्रवासी बताए जा रहे भाई-बहन अस्पताल में डॉक्टर शिल्पा और स्टाफ ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बठिंडा स्थित एम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह भाई-बहन प्रवासी परिवार से संबंधित हैं। वे हर साल गेहूं की कटाई के लिए पंजाब आते हैं। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मामले की सूचना थाना खुई खेड़ा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के लिए एक टीम रवाना कर दी गई है। टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और परिवार के बयान दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करेगी।