खालिस्तानी समर्थक और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की जेल ट्रांसफर को लेकर पंजाब की राजनीति फिर गरमा गई है। सरकार चाहती है कि NSA खत्म होने के बावजूद उसे सुरक्षा कारणों से हिरासत में रखा जाए। एक ओर पंजाब सरकार अमृतपाल की हिरासत जारी रखने की पैरवी कर रही है, वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने CM भगवंत मान पर तीखा हमला बोला है। नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने एक्स पर पोस्ट में मुख्यमंत्री को सीधे तौर पर चुनौती देते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं। नवजोत कौर ने मान पर कठपुतली होने का आरोप लगाते हुए पूछा कि मुख्यमंत्री किसके इशारे पर काम कर रहे हैं और क्या वे उन सिखों से नफरत करते हैं जो सिस्टम के खिलाफ लड़ते हैं? भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी की नेत्री नवजोत कौर सिद्धू ने सवाल किया कि अमृतपाल का दोष क्या है? उन्होंने कहा, “अगर वह दोषी है, तो उसे सिस्टम के सामने लाएं, पर्दे के पीछे से नुकसान पहुंचाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं? बता दें कि अमृतपाल सिंह पर लगा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) 23 अप्रैल को खत्म हो रहा है। पति के एक साल जेल में रहने का किया जिक्र नवजोत कौर ने अपने पति नवजोत सिंह सिद्धू की एक साल की जेल में बिताने का भी जिक्र किया। डॉ. सिद्धू ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को पता था कि उनके पति ने घलौरिया को छुआ तक नहीं था, फिर भी वह सिस्टम की कठपुतली बन गए और उस सच्चाई को स्वीकार करने से इन्कार कर दिया जो उन्हें पेन ड्राइव में दी गई थी। मुख्यमंत्री को अपने मूल्यों से समझौता न करने की सलाह डॉ. सिद्धू ने CM से पूछा कि क्या उन्हें लगता है कि नवजोत को एक साल के लिए जेल में डालकर उन्हें अपने मूल्यों से समझौता करने पर मजबूर किया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे ऐसी मानसिकता के साथ पैदा नहीं हुए हैं और उनके शरीर में योद्धाओं का खून बहता है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने मूल्यों से समझौता न करने की सलाह भी दी।