संगरूर में ट्रैक्टर से कुचलकर बड़े भाई की हत्या:भाभी पर भी हमले की कोशिश, पेड़-पैसों को लेकर हुआ विवाद; वारदात के बाद आरोपी फरार

धनौला के पास गांव बडबर में वीरवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात कथित तौर पर पैसों और खेत में खड़ी टाहली (पेड़) को लेकर चल रहे विवाद का परिणाम है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय मनजिंदर सिंह पुत्र जीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका छोटा भाई सुखविंदर सिंह (45) पुत्र जीत सिंह है। जानकारी के अनुसार दोनों भाइयों के बीच पिछले चार दिनों से करीब एक लाख रुपये और खेत में खड़ी टाहली को लेकर विवाद चल रहा था। खेतों में जाते समय हुई घटना मृतक की पत्नी परमजीत कौर ने बताया कि उनके पति सुबह गेहूं की कटाई के लिए कंबाइन का इंतजाम करने जा रहे थे। घर से थोड़ी दूरी पर ही पहुंचे थे कि पीछे से आए सुखविंदर सिंह ने स्वराज ट्रैक्टर उन पर चढ़ा दिया। परमजीत कौर ने आरोप लगाया कि सुखविंदर ने ट्रैक्टर को मनजिंदर सिंह के ऊपर चार-पांच बार चढ़ाया। परमजीत कौर ने बताया कि जब वह शोर सुनकर घर से बाहर आईं और अपने पति को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ाने की भी कोशिश की। इस हमले में मनजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। विदेश में रहता है मृतक का बेटा मृतक मनजिंदर सिंह अपने पीछे पत्नी परमजीत कौर और 26 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं, जो वर्तमान में विदेश में रहता है। थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी सुखविंदर सिंह की तलाश जारी है और पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *