अमृतसर- गुरुद्वारे में महिलाओं पर 200Kg की शटरिंग प्लेट गिरी:2 की मौत, बच्ची समेत 9 घायल; लंगर हॉल में जाप कर रहीं थीं

अमृतसर में गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में रविवार को हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन लंगर हॉल की छत में लगी लोहे की शटरिंग प्लेट अचानक टूटकर नीचे बैठी महिलाओं पर गिर गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची समेत 9 महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को श्री गुरु रामदास अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक हादसे के समय महिलाएं लंगर हॉल में बैठकर गुरु नाम का जाप कर रही थीं। इसी दौरान 30-35 फीट ऊपर से करीब 10 फीट लंबी और लगभग 200 किलो वजनी लोहे की प्लेट ऊपर से गिर गई। उस समय गुरुद्वारे में 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद थे। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने मृतक महिलाओं के परिवारों को 2-2 लाख देने का ऐलान किया। SGPC प्रधान ने कहा कि ये प्लेट तेज हवा चलने के कारण गिरी। घायल महिला बोली- मेरे सिर में टांके लगे डिवीजन नंबर 1 के सिविल डिफेंस इंचार्ज ने बताया कि बाबा भूरी वालों के यहां लंगर चल रहा था। इसी दौरान छत से प्लेट गिर गई। इसके नीचे दबने से 2 महिलाओं की मौत हो गई और बाकी घायलों को संगत के सहयोग से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, अजनाला से आई महिला ने बताया- मैं भी माथा टेकने के लिए लाइन में लगी थी। अचानक से धक्का लगा और मैं भी गिर गई। घबराहट होने से मैं बेहोश हो गई। जब होश आया तो देखा कि कुछ महिलाओं को चोट लगी थी। मुझे भी सिर में चोट लगी और टांके लगे हैं। लोहे की शटरिंग के नीचे दबीं महिलाएं चश्मदीद जगजीत सिंह का कहना है कि यहां हर रविवार जपजी साहिब चलता है, जिसमें सभी लोग सेवा करते हैं। उन्होंने बताया कि अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। जब हम मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटरिंग की लोहे की प्लेट के नीचे करीब 8 से 9 महिलाएं दबी हुई थीं। इसके बाद संगत के सहयोग से सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। SP बोलीं- सभी घायलों का ट्रीटमेंट चल रहा
अस्पताल में जायजा लेने पहुंचीं अमृतसर की SP अमनदीप कौर ने बताया कि सबका ट्रीटमेंट चल रहा है। अंदर सभी डॉक्टर मौजूद हैं। उन्होंने कहा- बहुत से लोग घायल महिलाओं के साथ अस्पताल के अंदर चले गए थे। इससे ट्रीटमेंट करने में दिक्कत आ रही थी। सब लोगों को बाहर निकाल दिया गया है। मैं खुद देखकर आई हूं। डॉक्टर चोटिलों की मरहम-पट्टी कर रहे हैं। मृतकों और घायलों की हुई पहचान
मरने वाली महिलाओं में अभी एक की ही पहचान हुई है। गांव सठियाला की राजरानी की मौत हो गई। वहीं घायलों में रजनी निवासी गांव सठियाला, सीमा निवासी बटाला, दलजीत कौर निवासी सुंदर नगर (लुधियाना), बव्रीत कौर (14) निवासी गुरु अमरदास एवेन्यू (अमृतसर), परमजीत कौर निवासी वार्ड नंबर 3 (फतेहगढ़ चूड़ियां), बलजीत कौर निवासी हिम्मतपुरा (मोगा), मनीषा धवन निवासी मेन बाजार (फिरोजपुर), राज कौर निवासी रजाताल (अमृतसर) और कश्मीर कौर निवासी गुल्लेह पंडोरी, तरनतारन शामिल हैं। मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख देगी SGPC
हादसे के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। SGPC की ओर से सभी घायलों का मुफ्त इलाज करवाने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा मृतक महिलाओं के परिवारों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का फैसला लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *