पंजाब में जनगणना करते रील बनाने पर रोक:नियम तोड़ने वाले टीचर्स पर होगा एक्शन; कुत्तों के घेरने जैसी रील से उड़ रहा मजाक

पंजाब में जनगणना 2027 में लगे टीचर्स के रील बनाने पर सरकार ने रोक लगा दी है। जनगणना एक्ट का उल्लंघन करने वाले टीचर्स के खिलाफ अब एक्शन लिया जाएगा। जनगणना के दौरान पंजाब में बहुत से टीचर्स की ऐसी रील सामने आईं जिनसे जनगणना सर्वे का मजाक बन रहा था। इन रील्स में ज्यादातर रील ऐसी हैं जिनमें ताला लगे घरों में कुत्ते के भौंकने पर लेडीज टीचर डर जा रही हैं या फिर टीचर्स को कुत्ते घेर रहे हैं। इसके अलावा भी कई रील्ज में टीचर्स फन करते हुए नजर आ रहे हैं। पंजाब सरकार के शिक्षा विभाग ने कर्मचारियों द्वारा ड्यूटी के दौरान वीडियो और रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर साझा (शेयर) करने के मामलों को गंभीरता से लिया है। शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के मुखियों (प्रिंसिपलों/हेडमास्टरों) को व्हाट्सएप के माध्यम से विशेष निर्देश भेजे गए हैं। इन हिदायतों में स्पष्ट किया गया है कि कुछ एन्यूमरेटर्स (सर्वे में नियुक्त स्टाफ) द्वारा जनगणना के गोपनीय दस्तावेजों और शेड्यूल का उपयोग करके फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्मों के लिए रील्स बनाकर सार्वजनिक की जा रही हैं, जो कि जनगणना अधिनियम (सेंसस एक्ट), 1948 का उल्लंघन है। सुपरवाइजरों को आदेश को सख्ती से लागू करने के निर्देष
विभाग ने सख्त ताकीद की है कि यदि भविष्य में कोई भी कर्मचारी जनगणना की गोपनीयता को भंग करता है या ऐसी अवैध गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध उक्त अधिनियम की धारा 11(बी) के तहत सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीन कार्य करने वाले सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को इस मामले की संवेदनशीलता के बारे में तुरंत अवगत कराएं। रील्स से जनगणना की गोपनीयता पर उठ रहे सवाल
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों के दौरान ड्यूटी पर तैनात कुछ शिक्षकों द्वारा बनाई गई वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं और मजाक का पात्र बनी थीं, जिसके कारण जनगणना जैसे प्रतिष्ठित कार्य की गोपनीयता को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे। इसी के मद्देनजर अब विभाग ने फील्ड स्टाफ को ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के उपयोग से पूरी तरह दूर रहने के आदेश दिए हैं। करनैल ओए असीं तां फस गए…जैसी रील की बाढ़
पंजाब में सामने आ रही रील्ज में एक डॉयलॉग वाली रील की सोशल मीडिया पर बाढ़ है। इसमें एक आदमी फार्म पर करनैल नामक व्यक्ति के नाम को कैमरे के जरिए सामने लाकर कहता है कि करनैल ओए असीं तां फस गए यार। इसके अलावा रील्ज में गर्मी में जनगणना करवाने। कुत्तों के भौंकने और लेडी टीचर्स के सुनसान घरों-गलियों और श्मशान एरिया में जाने के दौरान डर वाली रील्ज सामने आ रही हैं। इन रील्स से सोशल मीडिया पर जनगणना प्रक्रिया का मजाक उड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *