अमृतसर-चुघ ने चाय की चुस्कियां लेकर सरकार को घेरा:पंजाब में नशा और गैंगस्टरवाद पूरी तरह हावी; बोले-जनता चाहती है बदलाव

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ आज अमृतसर के दौरे पर हैं। वह अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए लोगों से मुलाकात कर रहे हैॅ। इसी दौरान वे हाथी गेट क्षेत्र की एक पुरानी चाय की दुकान पर भी रुके, जहां उन्होंने चाय की चुस्की ली और स्वयं चाय बनाकर लोगों के साथ बातचीत की। उनका यह अनौपचारिक अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। मीडिया से बातचीत करते हुए तरुण चुघ ने पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि आज पंजाब गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है, जहां नशा, गैंगस्टर गतिविधियां और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं आम जनता के लिए बड़ी चिंता का कारण बन चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और एक मजबूत, सुरक्षित तथा विकसित पंजाब की उम्मीद कर रही है। पंजाब को विकास की नई दिशा देना भाजपा का लक्ष्य चुग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य पंजाब को विकास की नई दिशा देना है। पार्टी व्यापार, कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्रों को दौबारा से मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करना चाहती है, ताकि युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर पैदा हो सकें और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सके। तरुण चुघ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय किए गए कई वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार अपेक्षित प्रदर्शन करने में असफल रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसान आज भी एमएसपी की गारंटी को लेकर चिंतित हैं। पंजाब के लिए भविष्य की उम्मीद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के कारण देशभर में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिसका लाभ पंजाब को भी मिल रहा है। अंत में तरुण चुघ ने कहा कि यदि पंजाब की जनता भारतीय जनता पार्टी को अवसर देती है, तो राज्य को नशा मुक्त और गैंगस्टर मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब की राजनीति में एक नई दिशा और सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *