चंडीगढ़ में बस यात्रियों को जल्द हाईटेक सुविधाएं मिलने जा रही हैं। यूटी ट्रांसपोर्ट विभाग शहर के सभी बस क्यू शेल्टर (BQS) पर CCTV कैमरे, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, डस्टबिन, लाइव बस अपडेट सिस्टम और स्मार्ट रूट मैप जैसी सुविधाएं शुरू करने जा रहा है। यह काम एक बड़े मोनेटाइजेशन प्लान के तहत किया जाएगा, जिसमें एक निजी मार्केटिंग एजेंसी को बस शेल्टरों पर विज्ञापन अधिकार दिए जाएंगे। इसके बदले एजेंसी ही सभी नई सुविधाओं की स्थापना और रखरखाव का खर्च उठाएगी। हर बस स्टॉप पर मिलेगी लाइव बस जानकारी नई व्यवस्था के तहत सभी बस क्यू शेल्टरों पर पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम (PIS) बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्डों पर यात्रियों को बसों की लाइव लोकेशन, आगमन का अनुमानित समय (ETA) और रूट संबंधी जानकारी मिलेगी। इसके अलावा बस स्टॉप पर इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम (ITS) से जुड़े डिजिटल रूट मैप भी लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को बस रूट समझने में आसानी हो। सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे भी लगेंगे यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी बस शेल्टरों पर ITS इंटीग्रेशन वाले CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और डस्टबिन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इस परियोजना से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और बस स्टॉप ज्यादा सुरक्षित व आधुनिक बनेंगे। निजी एजेंसी करेगी रखरखाव ट्रांसपोर्ट विभाग ने शहर के सभी 372 बस क्यू शेल्टरों पर आउटडोर विज्ञापन प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित एजेंसी को बस शेल्टरों की पूरी देखरेख की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसमें नियमित सफाई, पोस्टर और ग्रैफिटी हटाना, छोटे-मोटे रिपेयर और शेल्टरों की देखभाल शामिल होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी बस स्टॉप हर समय साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित दिखने चाहिए। प्रशासन को 40 करोड़ से ज्यादा राजस्व की उम्मीद प्रशासन को उम्मीद है कि विज्ञापनों के जरिए इस परियोजना से 40 करोड़ रुपए से ज्यादा का राजस्व मिलेगा। साथ ही बस शेल्टरों के रखरखाव पर होने वाला सरकारी खर्च भी काफी कम हो जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह मॉडल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के साथ-साथ प्रशासन के लिए आय का नया स्रोत भी बनेगा। 372 बस शेल्टर होंगे शामिल ट्रांसपोर्ट विभाग के अनुसार शहर में कुल 372 बस क्यू शेल्टर हैं। इनमें नए और पुराने दोनों प्रकार के शेल्टर शामिल हैं। इनमें 187 नए बस शेल्टर, 85 पुराने ईंटों वाले ढांचे, 19 अन्य नए शेल्टर, 11 RCC, 8 पत्थर और 62 स्टील शेल्टर शामिल हैं।