अमृतसर के थाना महिता क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा नाथ की खूह में स्थित ढल्ला ज्वेलर की दुकान पर रविवार शाम करीब 6:32 बजे अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दुकान का शटर बंद था। इसी दौरान एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार 2 नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। उन्होंने दुकान के सामने मोटरसाइकिल रोकी और बिना किसी रुकावट के सीधे दुकान के शटर पर गोलियां चला दीं। फायरिंग करने के बाद दोनों हमलावर मौके से तेजी से फरार हो गए। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात इस वारदात की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना महिता के SHO जसदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर सबूत इकट्ठा किए और लोगों से पूछताछ शुरू की। घटना के बाद कस्बा नाथ की खूह और आसपास लोगों में डर और दहशत का माहौल देखने को मिला। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। हमलावरों की पहचान की कोशिश जारी पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश या किसी आपराधिक गिरोह की गतिविधि से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।