पठानकोट में चरस सहित 3 अरेस्ट:चंबा की बस में बैठकर आए, आरोपियों में एक महिला भी; पुलिस को देख लिफाफा फेंका

जिला पठानकोट की थाना मामून कैंट पुलिस ने चरस के साथ एक महिला और दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक तीनों आरोपी हिमाचल प्रदेश के चंबा की तरफ से आई बस में से उतरे थे। शक होने पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा और तलाशी में उनके पास से चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान अबरोल नगर निवासी दीपक कुमार, मोहित कुमार और प्रियंका के तौर पर हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंबा की बस से उतरे थे आरोपी
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रीति ने बताया कि थाने में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस पार्टी गश्त के संबंध में बघार चौक पर मौजूद थी। इसी दौरान हिमाचल प्रदेश के चंबा की तरफ से एक बस आई, जिसमें से एक महिला और दो युवक उतरे। पुलिस पार्टी को सामने देखकर वे घबरा गए। इस दौरान पीछे आ रहे एक युवक ने हाथ में पकड़े बैग से एक लिफाफा निकालकर फेंक दिया और पीछे मुड़ने की कोशिश की। लिफाफे से बरामद हुई चरस
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रीति ने बताया कि तीनों की हरकतों और लिफाफा फैंकने से पुलिस टीम को उन पर शक हुआ। जिसके चलते सहायक सब इंस्पेक्टर पवन कुमार ने आरोपियों को रोका और फैंके गए लिफाफे की तलाशी ली। जिसमें से 783 ग्राम चरस हासिल हुई। जिस पर पुलिस टीम ने तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ने बताया कि थाना मामून कैंट में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *