अमृतसर में ₹ 60 करोड़ की ड्रग्स पकड़ी:7 किलो हेरोइन सहित 5 तस्कर अरेस्ट; पाकिस्तानी स्मगलरों से जुड़ रहे तार

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहे एक ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 5 तस्करों को गिरफ्तार कर 7.050 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 60 करोड़ बताई जा रही है। इस बारे में पुलिस कमिश्नर आज दोपहर बाद प्रेसवार्ता करने वाले हैं। इसमें विस्तृत जानकारी दी जाएगी। DGP गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर पंजाब में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। यह नेटवर्क सीमा पार से ड्रग्स की तस्करी कर युवाओं को निशाना बना रहा था, जिससे नशे की समस्या और गहराती जा रही थी। दो एफआईआर दर्ज, पुलिस ने शुरू की गहन जांच इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं, जो कि थाना छेहरटा और थाना कैंटोनमेंट, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुई हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है, ताकि इसके आगे और पीछे जुड़े सभी कड़ियों का पता लगाया जा सके। नशामुक्त पंजाब के लिए सख्त कार्रवाई जारी DGP ने स्पष्ट किया है कि राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्धता अडिग है। लगातार चलाए जा रहे अभियानों के तहत ऐसे तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखा जा सके। पंजाब में चल रहा ‘ युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान’ बता दें कि पंजाब सरकार ने हाल ही में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान का सेकेंड फेज लॉन्च किया था। हर जिले में इस अभियान के तहत रैलियां, जन जागरण जैसे कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों से कनेक्ट किया जा सके। सरकार का दावा है कि यह अभियान नशे के खिलाफ जन आंदोलन बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। ग्रामीण स्तर पर नशा रोकने के लिए सरकार अब गांवों के युवाओं को इस मुहिम से जोड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *