अश्वनी शर्मा का ‘आप’ पर तीखा हमला:बोले-7 सांसदों के जाने का झटका जोर से लगा है; AAP नेता खो चुके हैं मानसिक संतुलन

पंजाब विधानसभा चुनावों और आगामी राजनीतिक समीकरणों के बीच भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दौरान उन्होंने बीते दिनों आप से भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसदों पर की जा रही टिप्पणियों को लेकर सरकार और खासकर मुख्यमंत्र भगवंत मान को घेरा। अश्विनी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़ने वाले सांसदों पर टिप्पणियां करने से पहले अपनी कमियों की ओर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि दो-तिहाई राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी से दुखी होकर आम आदमी पार्टी को छोड़ दिया और भारतीय जनता पार्टी में अपना विलय किया। इधर-उधर की बातें कर रहे मुख्यमंत्री
अश्वनी शर्मा ने कहा की राघव चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए दो शब्दों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी छोड़ने वाले राज्यसभा सांसदों के खिलाफ इधर-उधर की बातें कर रहे हैं। लेकिन उन दो शब्दों का जवाब आज तक मुख्यमंत्री ने नहीं दिया आप भूली पार्टी का विचार और सोच
अश्विनी शर्मा ने कहा कि राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी को करप्ट और कॉम्प्रोमाइज कहा। इसका जवाब अभी तक भगवंत मान ने नहीं दिया। शर्मा ने कहा कि कॉम्प्रोमाइज का मतलब की पार्टी अपने सिद्धांत, विचार, सोच और अपने लक्ष्य से दूर होती जा रही है। वहीं, क्रप्शन के शब्द को पंजाबी बखूबी समझते हैं। इस भ्रष्टाचार के भुगतभोगी पंजाब के लोग पिछले 4 साल से बने हैं। शायराना अंदाज में सरकार को घेरा
अश्विनी शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शायराना अंदाज में सरकार को घेरा। उन्होंने फिराक जलालपुरी के शेयर “तू इधर-उधर की बातें ना कर, तूं यह बता काफिला क्यों लूटा, मुझे रहजनों से गरज नहीं, तेरी रहाबरी का सवाल है” सुनाकर सरकार से सवाल किया। पंजाब को तरक्की की राह पर लाए लोगों को कहा गद्दार
अश्विनी शर्मा ने कहा कि जिन लोगों ने पंजाब को आगे लेकर जाने में सहयोग दिया। पंजाब की तरक्की के लिए काम किया और पंजाब की सेवा की। वो लोग जब तक इनके साथ थे वह हीरे थे, जब उन लोगों ने पार्टी को छोड़ा तो उन्हें गद्दार कहकर बुलाया जाने लगा। उन्होंने कहा की जिन्हें पंजाब का गद्दार कहा जा रहा है पंजाब की तरक्की में उन लोगों का बड़ा हाथ है। आप के गुर्गों ने राज्यसभा सदस्यों के घरों पर लिखवाया गद्दार
अश्विनी शर्मा ने कहा कि अपने गुर्गों के जरिए पंजाब सरकार ने पुलिस की मौजूदगी में उन लोगों के घरों के बाहर गद्दार शब्द लिखवाया। लेकिन, पुलिस वहां पर मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गेटों पर गद्दार शब्द लिखे। उन लोगों पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर मैं किसी के घर के बाहर गद्दार लिखकर आऊंगा तो फिर मुझ पर भी पर्चा दर्ज ना करें। राजिंदर गुप्ता ने पंजाब के 10 हजार परिवारों को दिया रोजगार
अश्वनी शर्मा ने कहा कि रजिंदर गुप्ता पंजाब के अंदर ट्राइडेंट ग्रुप चलाते हैं। यह ग्रुप बरनाला और बठिंडा के अंदर लगभग 10 हजार से लेकर 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है। यह कोई आज की बात नहीं है। वे एक बड़े उद्योगपति हैं जिन्होंने 10 हजार से ज्यादा परिवारों को नौकरी मुहैया कराई है। वे पंजाब के सच्चे सेवक हैं जो पंजाब के रोजगार की बात करते हैं।
हर साल पंजाब की अर्थव्यवस्था में उनका करोड़ों का आर्थिक योगदान है। इतना ही नहीं, वे स्थानीय खर्चों के रूप में करोड़ों का वेतन देते हैं। इसके साथ ही जीएसटी और अन्य करों के माध्यम से एक बड़ी राशि सरकार को देते हैं।
उनके माध्यम से हजारों करोड़ की विदेशी मुद्रा का लाभ पंजाब और देश को मिलता है। जब तक राजिंदर गुप्ता आपके साथ थे, तब तक बहुत अच्छे थे। अब आप उनके लिए ‘गद्दार’ शब्द का प्रयोग करते हैं? राजनीति का स्तर इतना गिर गया है?
मित्तल ने पंजाब को ग्लोबल एजुकेशन डेस्टिनेशन बनाया
अश्वनी शर्मा ने कहा कि अशोक कुमार मित्तल की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने पंजाब को ग्लोबल एजुकेशन डेस्टिनेशन बनाने में एक नई पहचान दी है। पंजाब की अर्थव्यवस्था में उनका कितना बड़ा योगदान है। शिक्षा का वह हब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय केंद्र है।
वहां अलग-अलग राज्यों और विदेशों से छात्र पढ़ने आते हैं। उससे स्किल डेवलपमेंट और रेवेन्यू जनरेट होता है। वहां कितने पीजी चल रहे हैं, कितने लोगों को रोजगार मिल रहा है, कितने दुकानदार जुड़े हैं। वे भी लगभग 10 हजार लोगों को सर्विस दे रहे हैं। ऐसे व्यक्ति पर इस प्रकार की ओछी टिप्पणी करना राजनीति का और उसके सिद्धांतों का अपमान है।
पंजाब ही नहीं पूरे हिंदुस्तान का गौरव हैं हरभजन
अश्वनी शर्मा ने कहा कि हरभजन सिंह पंजाबी हैं, सिख हैं, और केवल पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे हिंदुस्तान का गौरव हैं। यह केवल अशोक मित्तल या रजिंदर गुप्ता का अपमान नहीं है, बल्कि पंजाब के सभी उद्योगपतियों का अपमान है और हरभजन सिंह के अपमान का मतलब है खिलाड़ियों का अपमान, जिन्होंने पूरी दुनिया में पंजाब का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि दोपहर तक तो वे तीनों बहुत अच्छे थे, अचानक क्या हो गया?
वर्ल्ड पंजाबी ऑर्गेनाइजेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष हैं साहनी
अश्वनी शर्मा ने कहा कि विक्रम साहनी वर्ल्ड पंजाबी ऑर्गेनाइजेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वे दुनिया भर में पंजाबी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। वे समाजसेवी हैं, शिक्षा से जुड़े हैं। वे ‘सन फाउंडेशन’ के माध्यम से स्किल डेवलपमेंट और सामाजिक सुधार का काम करते हैं। जब कोविड की महामारी आई, तब उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट, सिलेंडर और मेडिकल सहायता देकर पंजाबियों की कितनी बड़ी सेवा की।
सिख विरासत और गुरुओं के जीवन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने वाले ऐसे व्यक्तियों पर अगर आम आदमी पार्टी अशोभनीय टिप्पणी करती है, तो इससे पता चलता है कि आप को झटका जोर का लगा है और वे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने पंजाबियों के भरोसे को तोड़ा
अश्वनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पंजाब और पंजाबियों के भरोसे को तोड़ा है। आपने उन उम्मीदों को चकनाचूर किया जो लोगों ने उनसे लगाई थीं। पंजाब की जवानी को नशे की गर्त में धकेल दिया। आप कानून का राज नहीं दे सके। बटाला में ‘रुस्तम-ए-हिंद’ का खिताब पाने वाले बच्चे का कत्ल हो गया है। आप ने गुंडा राज और गैंगस्टरवाद को बढ़ावा दिया, किसानों और बहनों के साथ धोखा किया।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक जीवन पर कसा तंज
अश्वनी शर्मा ने मुख्यमंत्री पर उनके राजनीतिक जीवन के बारे में तंज कसे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का राजनीतिक सफर लोक इंसाफ पार्टी से शुरू हुआ। 2012 में पीपीपी और फिर आप आम आदमी पार्टी में आए। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2 बार पार्टी बदल कर किससे गद्दारी की। उसका जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए।
आप ने भी दूसरी पार्टियों के 2 उम्मीदवार किए खड़े
शर्मा ने कहा कि 2022 के उपचुनावों में आप ने 5 उम्मीदवार दूसरी पार्टियों से लिए। उन्होंने जालंधर वेस्ट से महेंद्र भगत (भाजपा), गिद्दड़बाहा से डिम्पी ढिल्लों (अकाली दल), चब्बेवाल से डॉ. राज कुमार (कांग्रेस) के नाम भी गिनवाए। इसके अलावा, उन्होंने आप सरकार के मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां (पहले कांग्रेसी), अमन अरोड़ा का परिवार (कांग्रेसी), बरिंदर कुमार गोयल (अकाली दल/कांग्रेस), हरदीप सिंह मुंडियां (अकाली दल/लोक इंसाफ पार्टी)। ये सब जो दूसरी पार्टियों से लाकर आपने मंत्री बनाए हैं, इनके बारे में पंजाबियों को अपनी राय जरूर देना।
आम आदमी पार्टी के पतन की शुरुआत-अश्वनी शर्मा
अश्वनी शर्मा ने कहा कि ये आम आदमी पार्टी के पतन की शुरुआत है। जब कोई पार्टी अपने सिद्धांतों से दूर जाती है और उसका सुप्रीमो लोकतंत्र और न्यायपालिका में विश्वास खो देता है, तो उसका अंत निश्चित है। शर्मा ने कहा कि भाजपा पंजाब के विकास, शांति, नशा मुक्ति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *