लोहरा गांव स्थित महादलित टोला में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। खेलने के दौरान हुए झगड़े के बाद गुस्साई चाची ने अपनी बेटी के साथ मिलकर भतीजे की दोनों आंखें फोड़ दी। बताया जा रहा है कि आंखों में नुकीला लोहा घोंप दिया गया। घटना 17 अप्रैल शुक्रवार की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। घटना में गंभीर रूप से घायल श्रवण तांती के पुत्र सन्नी को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार पटना में चिकित्सकों ने भी हाथ खड़े कर दिए और बच्चे की दोनों आंखों की रोशनी जाने की आशंका जताई। इलाज नहीं हो पाने के बाद परिजन मायूस होकर बच्चे को वापस गांव ले आए। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सन्नी घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान उसके द्वारा फेंका गया ढेला मनोज तांती के पुत्र साहिल की आंख के पास लग गया, जिससे उसकी आंख लाल हो गई। इस घटना से नाराज होकर दोपहर में सन्नी को अकेला पाकर मनोज तांती की पत्नी सुग्गी देवी और उसकी बेटी ने उसे पकड़ लिया और नुकीले लोहे से उसकी आंखों पर हमला कर दिया।
दोनों पक्षों की ओर से मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।