इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में मिला छात्रा का शव:मोतिहारी में डॉक्टर बोले- बॉडी हैंगिग थी, प्रिंसिपल ने कहा- बेड पर मिली

मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार को एक छात्रा का फंदे से लटका शव मिला है। मृतका की पहचान रिमी कुमारी (21) के रूप में हुई है, जो 5वें सेमेस्टर में पढ़ती थी। बुधवार की शाम वो बेतिया से एग्जाम देकर हॉस्टल लौटी थी। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की है। डॉक्टर की शुरुआती जांच में स्टूडेंट के गले पर हैंगिंग के निशान मिले हैं। वहीं, कॉलेज के प्रिंसिपल ने बताया कि लड़की बेहोशी की हालत में बेड पर मिली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। छात्रा मुजफ्फरपुर के लक्ष्मी चौक के रहने वाली थी। घर पर सन्नाटा पसरा है। तीन भाई-बहनों में रिमी सबसे बड़ी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मोतिहारी पहुंचे हैं, जिनका रो-रोकर हाल बेहाल है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम… पहले घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें… कमरे में अकेली रहती थी छात्रा जानकारी के अनुसार, रिमी का 5वें सेमेस्टर का एग्जाम चल रहा था। बुधवार की शाम 6 बजे वो बेतिया से एग्जाम देकर लौटी थी। इस दौरान उसने किसी से कोई बात नहीं की और अपने कमरे में चली गई। हॉस्टल की लड़कियों ने बताया कि रिमी कमरे में अकेले रहती थी। बुधवार की रात वो डिनर करने आई लेकिन उसने किसी से कोई बात नहीं की। गुरुवार की सुबह भी उसने करीब 10 बजे ब्रेकफास्ट किया और फिर अपने कमरे में चली गई। दोपहर 2 बजे जब हमलोग उसे खाने के लिए बुलाने गए तो उसका कमरा नहीं खुला। इसके बाद हमलोगों ने वॉर्डन को इसकी सूचना दी। छात्राओं की सूचना पर वॉर्डन पहुंचे, प्रिंसिपल ने लड़कियों को कमरे में भेजा छात्राओं की सूचना पर वॉर्डन मौके पर पहुंची और करीब 10 मिनट तक उसके गेट को खटखटाया। अंदर से कोई रिस्पांस नहीं मिला तो वॉर्डन ने प्रिंसिपल नवनीत कुमार को इसकी जानकारी दी। 2.30 बजे प्रिंसिपल मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्टाफ की मदद से गेट खोला। हालांकि, इस दौरान सभी लड़कियों को अपने-अपने कमरे में जाने के लिए कह दिया। गेट खुला तो सिर्फ प्रिंसिपल और वॉर्डन मौके पर मौजूद थे। बेहोशी की हालत में मिली थी छात्रा प्रिंसिपल नवनीत कुमार ने बताया कि छात्रा रिमी कुमारी अपने कमरे में बेहोश अवस्था में मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि, थोड़ी देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कॉलेज अधिकारियों के अनुसार, छात्रा को अस्पताल लाया गया, तब उसकी हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। छात्रा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स शाखा की 2023 बैच की स्टूडेंट थी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, छात्रा पढ़ाई में काफी अच्छी थी। उसके खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं मिली थी। उसके एकेडमिक प्रदर्शन बेहतर थे। गले पर मिले रस्सी के निशान मोतिहारी सदर अस्पताल के डॉक्टर सफी इमाम ने बताया कि छात्रा को अस्पताल लाया गया, तब उसकी स्थिति गंभीर थी। जांच के दौरान शरीर में किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं मिली। ऑक्सीजन सैचुरेशन और अन्य जरूरी संकेत भी नहीं थे। डॉक्टर्स की टीम ने उसे बचाने के लिए CPR समेत सभी आवश्यक प्रयास किए, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हर पहलू से कर रही जांच घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाने की पुलिस और नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली और छात्रा का मोबाइल जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि छात्रा की दोस्तों से पूछताछ की है। कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा ट्रेनी DSP कुमारी प्रियंका ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। FSL की टीम भी जांच में जुटी है। पुलिस मौके पर पहुंची, उससे पहले कॉलेज प्रशासन ने छात्रा को कमरे से बाहर निकाल लिया था और अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस कमरे की तलाशी की है। छात्राओं से भी पूछताछ की है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *