इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट:5 पैसेंजर घायल, बैग में रखा था; हैदराबाद से चंडीगढ़ आए सभी 198 यात्रियों को इमरजेंसी गेट से निकाला

हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो फ्लाइट 6E 108 में मंगलवार को पावर बैंक में ब्लास्ट हो गया। इससे 5 यात्री घायल हो गए। पावर बैंक एक यात्री के बैग में रखा था। घटना उस समय हुई, जब फ्लाइट एयरपोर्ट पर खड़ी थी। हादसे के बाद फ्लाइट में धुआं भर गया, जिससे यात्री घबरा गए। यात्रियों को इमरजेंसी गेट से निकाला गया। कुछ फोटो भी लोगों ने शेयर किए हैं। जिसमें एक महिला को एंबुलेंस में रखा गया था। क्रू मेंबर्स ने तुरंत फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया। अभी तक यह साफ नहीं हुआ के पावर बैंक ब्लास्ट कैसे हुआ। पुलिस और एयरपोर्ट अथारिटी की टीमें जांच कर रही है। विमान खाली करवाया, यात्रियों को टर्मिनल तक पहुंचाया इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत विमान खाली कराया गया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से टर्मिनल तक पहुंचाया गया, जहां एयरलाइन की टीम उनकी सहायता में जुटी रही। एयरलाइन के अनुसार विमान को दोबारा संचालन में लाने से पहले जरूरी तकनीकी जांच की जाएगी। इंडिगो ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। फ्लाइट में 198 यात्री सवार थे सूत्रों के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6E-108 (HYD-IXC) करीब 3:29 बजे सुरक्षित उतरी। विमान में 198 यात्री, दो बच्चे और छह क्रू मेंबर सवार थे। लैंडिंग के बाद जब विमान वे नंबर-1 की ओर बढ़ रहा था, तभी सीट 39C पर बैठे यात्री ने क्रू को अपने पावर बैंक में आग लगने की जानकारी दी। आशंका जताई गई कि पावर बैंक फट गया था। कैबिन क्रू ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन विमान के अंदर धुआं फैल गया। एहतियात के तौर पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किए गए। करीब 3:35 बजे क्रू मेंबर ने इमरजेंसी एग्जिट खोला और यात्रियों को एयर स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया। एयरफोर्स की फायर टेंडर टीम 3:38 बजे मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ चुकी थी। फ्लाइट में पावर बैंक से चार्जिंग बैन, सिर्फ हैंड बैगेज में ही रखने की अनुमति नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने जनवरी 2026 से फ्लाइट के दौरान यात्री पावर बैंक का इस्तेमाल कर मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को चार्ज करने पर रोक लगा दी थी। DGCA के अनुसार, पावर बैंक और अन्य रिचार्जेबल डिवाइस में इस्तेमाल होने वाली लिथियम बैटरियां आग लगने का बड़ा कारण बन सकती हैं। दुनिया भर में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां फ्लाइट के दौरान लिथियम बैटरियां ज्यादा गर्म होकर आग का कारण बनी हैं। पावर बैंक और अतिरिक्त लिथियम बैटरियां केवल हैंड बैगेज में ही ले जाने की अनुमति है। इन्हें ओवरहेड केबिन या लगेज रैक में रखना सख्त मना है। ओवरहेड बिन में आग लगने की स्थिति में उसे समय रहते पहचानना और बुझाना बेहद मुश्किल होता है। DGCA का कहना है कि हैंड बैग के अंदर या ओवरहेड बिन में रखी बैटरियों में धुआं या आग लगने की शुरुआत तुरंत दिखाई नहीं देती, जिससे केबिन क्रू को समय पर प्रतिक्रिया करने में देरी हो सकती है और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती है। 4 सवाल-जवाब में समझिए पावर बैंक को ब्लास्ट से कैसे बचाएं सवाल: पावर बैंक क्या है? जवाब- यह एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है। इससे USB चार्जिंग सर्पोट करने वाले मोबाइल फोन, टैबलेट या लैपटॉप जैसे गैजेट्स चार्ज हो सकते हैं। लंबे समय से घर में बिजली सप्लाई न होने या यात्रा के दौरान गैजेट्स को चार्ज करने के लिए पावर बैंक की सबसे ज्यादा जरूरत पड़ती है। आमतौर पर एक पावर बैंक में 10000 mAh से लेकर 20000 mAh तक की क्षमता होती है। जो एक 5000 mAh के फोन को 2 से 4 बार आसानी से फुल चार्ज कर सकती है। यह पोर्टेबल होता है यानी इसे कैरी करना बेहद आसान होता है। पावर बैंक में लिथियम-आयन या लिथियम पॉलीमर की बैटरी का इस्तेमाल होता है, जो ज्वलनशील होती है। सवाल- पावर बैंक क्यों फटते हैं? जवाब- ज्यादातर पावर बैंक लिथियम-आयन बैटरी से बने होते हैं। अत्यधिक गर्म होने या दबाव पड़ने पर इसमें मौजूद सिक्योरिटी लेयर पिघल सकती है, जिससे शॉर्ट सर्किट या ब्लास्ट हो सकता है। ओक्लाहोमा में पावर बैंक फटने की यही वजह थी। कुत्ते ने पावर बैंक को चबाने की कोशिश की। इससे पावर बैंक पर ज्यादा दबाव पड़ा और बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। नीचे दिए ग्राफिक से समझिए कि पावर बैंक में कब ब्लास्ट हो सकता है। सवाल- पावर बैंक में ब्लास्ट होने से कैसे बचा सकते हैं? जवाब- अधिकांश लोगों को लगता है कि पावर बैंक में खराबी की वजह से आग या ब्लास्ट होते हैं, जबकि ऐसा नहीं है। लापरवाही और कुछ गलत आदतें पावर बैंक ब्लास्ट का मुख्य कारण होती हैं। पावर बैंक में ब्लास्ट होने से बचाने के लिए ग्राफिक में दिए इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं। सवाल- पावर बैंक खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें? जवाब- आजकल फोन के डिस्चार्ज होने पर हम पावर बैंक का इस्तेमाल कर इसे आसानी से चार्ज कर सकते हैं। ई-कॉमर्स साइट्स और बाजार में आपको सस्ते दामों में कई पावर बैंक मिल जाएंगे, लेकिन सस्ते के लालच में क्वालिटी के साथ समझौता न करें। आइए नीचे कुछ पॉइंट्स के जरिए जानते हैं कि पावर बैंक खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। हाल ही में फ्लाइट में हुईं अन्य घटनाएं… 3 मई: चेन्नई में यात्री चलती फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोलकर कूदा चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 3 मई की सुबह लैंडिंग के दौरान एयर अरेबिया की चलती फ्लाइट में एक यात्री इमरजेंसी गेट खोलकर नीचे कूद गया। यह फ्लाइट शारजाह से चेन्नई पहुंची थी और इसमें 231 यात्री सवार थे। घटना सुबह करीब 3:23 बजे हुई। एयरबस A320 मॉडल की फ्लाइट G9 471 रनवे से टर्मिनल की ओर बढ़ रही थी। घटना के बाद पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया और एयरपोर्ट अधिकारियों को सूचना दी। घटना के बाद यात्री एयरपोर्ट के कमर्शियल एरिया की ओर भागने लगा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। कूदने के दौरान यात्री घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए ले जाया गया। आरोपी की पहचान 29 साल के मोहम्मद शरीफ मोहम्मद नजमुद्दीन के रूप में हुई है। 28 मार्च- वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश वाराणसी एयरपोर्ट पर 28 मार्च को बेंगलुरु से आ रहे इंडिगो के विमान की लैंडिंग के दौरान एक यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की थी। केबिन क्रू ने उसे ऐसा करते देख लिया और यात्री को रोका था। इसकी जानकारी विमान के कैप्टन को दी गई। पायलट ने एहतियातन विमान को दोबारा हवा में ले जाकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को जानकारी दी। करीब 15 मिनट तक हवा में चक्कर लगाने के बाद विमान को सुरक्षित तरीके से लैंड कराया गया। लैंडिंग के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने यात्री को हिरासत में ले लिया। आरोपी मोहम्मद अदनान मऊ जिले का रहने वाला था। पुलिस पूछताछ में उसने कहा था कि वह गोवा घूमने गया था। पता नहीं उसने ऐसा क्यों किया। पूरी खबर पढ़ें… ————————— ये खबरें भी पढ़ें… हैदराबाद-हुबली फ्लाइट 2 घंटे हवा में चक्कर काटती रही, पैसेंजर रोते और प्रार्थना करते नजर आए हैदराबाद से हुबली जा रही Fly-91 एयरलाइन की एक फ्लाइट खराब मौसम के चलते 2 घंटे हवा में ही चक्कर काटती रही। प्लेन में सवार पैसेंजर्स को तेज झटके महसूस हुए, जिससे वे घबरा गए। सोशल मीडिया में वायरल VIDEO में पैसेंजर रोते हुए और हाथ जोड़कर प्रार्थना करते दिखे। पूरी खबर पढ़ें… दिल्ली-लंदन एअर इंडिया फ्लाइट सऊदी से लौटी: खराबी के बावजूद 7 घंटे हवा में रही दिल्ली से लंदन जा रहा एअर इंडिया का A350-900 (VT-JRF) विमान तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली लौट आया था। यह करीब सात घंटे हवा में रहा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार विमान ने सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *