गुरुग्राम में अपनी पत्नी व चार बच्चों की हत्या कर आत्महत्या का प्रयास करने के आरोपी निजाम को पुलिस ने अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी व बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर व गला दबाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी से पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह सैलून पर काम करता है व नशे करने का आदी है। वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, जिसके चलते घर में लड़ाई झगड़ा होता रहता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दो मई को भी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। जिसके चलते उसने घर में रखे कीटनाशक को कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर पिलाया फिर पत्नी व बच्चों का गला दबाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पांचों की हत्या करने के बाद खुद भी नस काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। पत्नी और चार बच्चों की हत्या का आरोप सेक्टर-10ए थाना पुलिस टीम को दो मई को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांव वजीरपुर स्थित एक मकान में एक ही परिवार के 05 सदस्यों की हत्या हो गई है तथा एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर प्रथम तल पर बने कमरे में एक महिला व 04 बच्चों के शव फर्श पर बिछे गद्दों पर पड़े मिले। सभी शवों के मुंह से झाग निकल रहा था तथा गर्दन पर निशान पाए गए। पुलिस टीम द्वारा सीन ऑफ क्राइम टीम, फिंगरप्रिंट टीमों को बुलाकर घटनास्थल तथा शवों को निरीक्षण करवाया गया तथा शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। मकान मालिक ने दी थी शिकायत पुलिस टीम को मकान मालिक द्वारा एक शिकायत के माध्यम से बताया कि गांव वजीरपुर स्थित मकान में किरायेदार मोहम्मद नाजिम (उम्र-35 वर्ष) निवासी गांव बिलारी जिला मुरादाबाद, (उत्तर-प्रदेश) अपनी पत्नी नाजमा, तीन बेटियों व एक बेटे के साथ करीब 4-5 महीने से रह रहा था तथा आए दिन परिवार के साथ झगड़ा करता था। हत्या और आत्महत्या के प्रयास की एफआईआर मोहम्मद नाजिम ने अपनी पत्नी, तीन बेटियों व बेटे को जहर देकर एवं गला दबाकर हत्या की है तथा स्वयं भी हाथ व गले की नशे काटकर आत्महत्या का प्रयास किया है। शिकायत पर पुलिस थाना सैक्टर-10ए में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। दो दिन के रिमांड पर लिया पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी निजाम को कोर्ट में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान कई नई बातें सामने आ सकती हैं।