एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर ने बचाई दो पायलटों की जान:कांगड़ा में बैजनाथ की पहाड़ियों में पैराग्लाइडिंग हादसा, दोनों अस्पताल में भर्ती

कांगड़ा जिले के बैजनाथ उपमंडल के गुरण धार स्थित दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रविवार को एक पैराग्लाइडिंग हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सरकार और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वायु सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से एक जटिल बचाव अभियान चलाया। इस अभियान में दो पैराग्लाइडरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए पालमपुर के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि राजस्थान निवासी पायलट अरुण सिंह इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके साथ उड़ रहे एक अन्य पैराग्लाइडर रंजन गुप्ता काफी ऊंचाई पर एक पेड़ में फंस गए थे। घटना स्थल अत्यंत दुर्गम होने के कारण सड़क मार्ग से वहां पहुंचना असंभव था और पैदल जाने में कई घंटे लग सकते थे। जोखिम के बीच दोनों पायलट्स को एयर लिफ्ट किया स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश सरकार ने तत्काल केंद्र से हेलीकॉप्टर सहायता का अनुरोध किया। इसके बाद वायु सेना, स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने मिलकर एक समन्वित विशेष अभियान शुरू किया। वायु सेना के पायलटों ने बेहद जोखिमपूर्ण और खड़ी पहाड़ियों के बीच सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों को एयरलिफ्ट किया।
पालमपुर अस्पताल में भर्ती उपायुक्त ने बताया कि समय पर हेलीकॉप्टर की उपलब्धता के कारण ही दोनों की जान बचाई जा सकी है। वर्तमान में दोनों पैराग्लाइडरों का पालमपुर में इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन अब इस हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *