पंजाब के लुधियाना से कनाडा गई एक युवती की पार्क में बैठे-बैठे मौत हो गई। पार्क में मौजूद लोगों ने जब उसे हिलाकर देखा तो उसकी सांसें नहीं चल रही थी। इसके बाद तुरंत कनाडा पुलिस को सूचना दी गई। घटना कनाडा के ओंटारियो प्रांत की है। जानकारी के अनुसार, युवती रोजाना की तरह जॉर्जियन कॉलेज बैरी और अपने घर के बीच स्थित एक पार्क में सैर करने गई थी। वहीं पार्क की एक बेंच पर उसकी मौत हो गई। फिलहाल कनाडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उधर, जैसे ही युवती की मौत की खबर लुधियाना में उनके परिवार तक पहुंची। घर में शोक की लहर दौड़ गई। लुधियाना के अकालगढ़ की रहने वाली है युवती युवती की पहचान लुधियाना के नई आबादी अकालगढ़ सुधार बाजार की रहने वाली अनमोलदीप कौर (26) के रूप में हुई है। अनमोलदीप कनाडा में पढ़ाई के साथ चाइल्ड केयर का काम कर रही थी और वर्क परमिट पर रह रही थी। करीब एक साल पहले उसने पीआर के लिए भी आवेदन किया था। 2021 में गई थी कनाडा, मां के विजिटर वीजा का किया था आवेदन अनमोलदीप के पिता, सेना से रिटायर्ड सूबेदार परमिंदर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी 2021 में कनाडा गई थी। उन्होंने बताया कि अनमोलदीप ने हाल ही में अपनी मां अमरदीप कौर को विजिटर वीजा पर कनाडा बुलाने के लिए भी आवेदन किया था। जल्द वीजा मिलने की उम्मीद थी। परिवार के अनुसार, अनमोलदीप ने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। भाई अमेरिका में, शव लेने कनाडा गए पिता ने बताया कि वे मूल रूप से माणुके गांव के रहने वाले हैं और गांव की समाजसेवी संस्था की मदद से शव को भारत लाया जाएगा। वहीं, अमेरिका में रहने वाले अनमोलदीप के भाई दिलप्रीत सिंह शव लाने कनाडा गए हैं। पुलिस जांच के बाद मौत के कारणों का होगा खुलासा परमिंदर सिंह ने आत्महत्या की किसी भी संभावना से इनकार करते हुए कहा कि कनाडा पुलिस की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।