कपूरथला मेले में लोगों से भरा झूला हवा में लटका,VIDEO:एक घंटे तक उल्टे होकर फंसे रहे लोग; परिजन नीचे रोते-चिल्लाते रहे

कपूरथला में मेले के दौरान पेंडुलम राइड झूला अचानक हवा में लटक गया। जिस वक्त ये घटना हुई, झूला लोगों से भरा हुआ था। झूला रुकते ही अफरातफरी मच गई। झूले में फंसे लोग चिल्लाने लगे। इससे परिजन भी बुरी तरह से घबरा गए। जिनके बच्चे झूले में बैठे थे, वह मां-बाप रोने लगे। जब झूला टूटने का खतरा पैदा हो गया तो तुरंत झूला संचालक सामने आए। उन्होंने झूले को ठीक करना शुरू किया, लेकिन इसमें करीब एक घंटे का टाइम लग गया। जिसके बाद किसी तरह लोगों को नीचे उतारा गया। इसके बाद वह अपने घर लौट गए। रात को फंसा, संचालक बोले- तकनीकी खराबी आई जानकारी के मुताबिक, कपूरथला के बेगोवाल में संत बाबा प्रेम सिंह जी की सालाना बरसी के सिलसिले में मेला लगा हुआ है। यह मेला 3 जून तक चलेगा। रविवार रात को अचानक झूला फंस गया। झूला संचालकों ने कहा कि झूले में तकनीकी खराबी आ गई है। नीचे उतारने का इंतजाम नहीं था, एक घंटे रुकना पड़ा इस दौरान मौके पर कोई ऐसी सीढ़ी या दूसरा इंतजाम नहीं था कि झूले में फंसकर हवा में लटके लोगों को नीचे उतारा जा सके। इस वजह से वहां हड़कंप मच गया। वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई। नीचे खड़े कुछ मां-बाप बच्चों की जिंदगी को खतरा देख रोने लगे। मेला प्रबंधक बोले- सभी झूलों की जांच कराएंगे इसके बाद संचालकों ने ही झूला ठीक किया। एक घंटे बाद सभी लोगों को नीचे उतारा गया। इससे लोगों में गुस्सा भी फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि मेले में लगे सभी झूलों की फिटनेस की जांच करानी चाहिए ताकि फिर कोई ऐसी नौबत न आए। मेला प्रबंधन ने भी भरोसा दिया कि नए सिरे से सबकी जांच कराएंगे। झूले का हाइड्रोलिक सिस्टम गड़बड़ हुआ मेला प्रबंधक पवन कुमार ने बताया कि उक्त झूले का हाइड्रोलिक सिस्टम मिस कर रहा था, इसलिए उसमें खराबी आ गई थी। उसे कुछ देर में ठीक कर दिया गया था। उस समय झूले में 5 से 6 लोग थे जिन्हें बाद में सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। वहीं, दूसरी तरफ प्रशासन की तरफ से निकाय विभाग के इंस्पेक्टर और EO मौके पर आए थे। उन्होंने एक दिन के लिए झूला चलने पर रोक लगा दी है। मंगलवार को टेक्निकल टीम आकर झूले की जांच करेगी। इसके बाद लोगों के लिए झूला ओपन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *