करनाल में डंपर की टक्कर से गर्भवती महिला की मौत:चेकअप के लिए आ रही थी; सास और जेठ भी घायल, रोहतक रेफर

करनाल जिले में इंद्री रोड पर दरड़ चौक के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला अपने जेठ और बुजुर्ग सास के साथ चेकअप के लिए करनाल आ रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और आरोपी ड्राइवर फरार है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। दरड़ चौक के पास हुआ हादसा संगोही गांव की उमा देवी अपने जेठ राजेश और सास नारो देवी के साथ बाइक पर सवार होकर करनाल चेकअप के लिए आ रही थी। जैसे ही बाइक दरड़ चौक के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे में सास की टांगों के ऊपर से डंपर गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा होता देख आरोपी डंपर ड्राइवर मौके पर डंपर छोड़कर फरार हो गया। रास्ते में तोड़ा दम आसपास के लोगों सुरेंद्र कुमार और दीपक सैनी ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। राजेश को भी गहरी चोटें आई, जबकि उमा देवी की हालत गंभीर बनी रही। करनाल अस्पताल से तीनों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उमा देवी ने दम तोड़ दिया। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ उमा देवी 32 वर्ष की थी और डेढ़ साल की एक बच्ची की मां थी। वह 9 माह की गर्भवती थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने राजेश के चचेरे भाई सीताराम की शिकायत पर आरोपी डंपर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की जांच कर रही पुलिस जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डंपर यमुनानगर की तरफ से कंक्रीट लोड करके आ रहा था। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *