कानपुर में खौफनाक वारदात हुई है। रविवार तड़के दवा कारोबारी ने अपनी 11 साल की जुड़वा बेटियों की हत्या कर दी। पिता ने फ्लैट में बेटियों का गला रेतकर उन्हें मार डाला। लाश देखकर पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पिता ने बेटियों की हत्या क्यों की? इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस परिवार से पूछताछ कर रही है। वारदात के बाद से पिता कुछ भी नहीं बोल रहा है। घटना नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवई नगर की है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया- त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रहने वाला शशि रंजन मिश्रा दवा कारोबारी है। घर में पत्नी रेशमा और तीन बच्चे 11 साल की जुड़वा बेटियां रिद्धी, सिद्धी और 6 साल का बेटा गन्नू रहते थे। रविवार तड़के 4.30 बजे पत्नी रेशमा ने फोन पर हत्या की सूचना दी। पुलिस जब फ्लैट पर पहुंची तो दोनों बेटियों का शव जमीन पर पड़ा था। पूरे घर में खून ही खून फैला था। आरोपी पिता भी लाश के पास बैठा हुआ था। उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी ने बेटियों के सोते वक्त वारदात को अंजाम दिया है। घटना के वक्त पत्नी घर पर थी तो उसने पति को क्यों नहीं रोका या उसे हत्या के बाद पता चल पाया। पुलिस इन सभी एंगल पर पूछताछ चल रही है। फिलहाल, मां भी बदहवास है। वह कुछ बोल नहीं पा रही है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…