कार ने बाइक को मारी टक्कर, किशोर की मौत:साथी घायल; बाइक में घुसी गाड़ी, हिसार से बरवाला लौट रहे थे

हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार को एक सड़क हादसे में 15 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर बरवाला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बरवाला निवासी सुमित कुमार अपने परिचित 15 वर्षीय किशोर हिमांशु के साथ बाइक पर हिसार की ओर से बरवाला लौट रहा था। जब वे हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर बरवाला क्षेत्र स्थित थर्मल पावर प्लांट के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर जा गिरे टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा घायलों को संभालने में मदद की। दोनों घायलों को तत्काल बरवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों के चलते 15 वर्षीय हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक ड्राइवर सुमित कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बरवाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने वाहन हटवाए, ट्रैफिक सुचारू किया हादसे की सूचना मिलते ही बरवाला पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मृतक हिमांशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *