किशनगंज में एनकाउंटर, पुलिस ने पीछा कर मारी गोली:बाइक चोर को पकड़ने के दौरान फायरिंग, मुठभेड़ में 2 SI भी घायल

सम्राट सरकार में एक और एनकाउंटर हुआ है। किशनगंज में बुधवार की रात बाइक चोरी गिरोह के एक अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाश ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। उसे गिरफ्तार कर पुलिस कस्टडी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। एसपी संतोष कुमार के मुताबिक, घायल अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू पर 10 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मुठभेड़ में दो SI को भी चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के भी हॉस्पिटल ले जाया गया है। एनकाउंटर टाउन थाना क्षेत्र के फरीनगोला रेलवे फाटक के पास चौहान बस्ती में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही डीएम विशाल राज और एसपी संतोष कुमार पूरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर भागने लगा और फायरिंग की पुलिस को बाइक चोरी की घटना की सूचना मिली थी। तकनीकी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां अपराधी पुलिस को देखकर भागने की फिराक में था। भागने के दौरान पुलिस अधिकारियों और अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू के बीच गोलीबारी हुई। अपराधी पवन कुमार ने पुलिस पर हमला कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पुलिस अधिकारी और अपराधी दोनों घायल हो गए। घायल पुलिस अधिकारियों और अपराधी को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया, पुलिस को सूचना मिली थी कि अपराधी उस स्थान पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे। उन्होंने पुलिस की गोलीबारी को आत्मरक्षा में उठाया गया कदम बताया। मामले में आगे की जांच जारी है। अंतरराज्यीय गिरोह में शामिल है आरोपीः एसपी एसपी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पवन कुमार के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पवन कुमार के खिलाफ किशनगंज जिले में दो मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य जिलों में भी उसके विरुद्ध कई आपराधिक मुकदमे दर्ज और जेल भी जा चुका हैं। उन्होंने बताया कि आज ये अकेले ही आया था और इसके अन्य साथी भी आने वाले थे। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले बाइक चोरी की एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसके बाद से ही इसकी तलाश की जा रही थी। आरोपी एक इंटर स्टेट गैंग से जुड़ा है, ये लोग बंगाल में भी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। इसके अन्य साथियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा । मुठभेड़ में 6 राउंड फायरिंग मुठभेड़ के दौरान कुल 6 गोलियां चलीं। इनमें पुलिस की ओर से 2 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली अपराधी के पैर में लगी, जबकि एक गोली मिसफायर हो गई। वहीं अपराधी की ओर से 4 राउंड फायरिंग की गई। मौके से 6 कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक बाइक और एक पिस्टल भी जब्त की गई है। वहीं जिला पदाधिकारी विशाल राज भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। FSL की टीम को भी बुलाया गया है। कटिहार का रहने वाला है आरोपी एनकाउंटर में घायल पवन कुमार उर्फ चिंटू, कटिहार जिले के रौतारा का रहने वाला है, जो अंतरराज्यीय लूट, छिनतई, चोरी जैसे आपराधिक गिरोह का सरगना है। इसके गिरोह में बिहार सहित पश्चिम बंगाल के कई सदस्य शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पवन कुमार पर पटना, अररिया, मधुबनी आदि जिलों में लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल होने के लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। किशनगंज जिला में हाल के दिनों में हुए कई छिनतेई, चोरी की घटनाओं में इसकी और इसके गिरोह की संलिप्तता सामने में आई है। 3 दिनों में 5वां एनकाउंटर सम्राट सरकार में 3 दिन में ये 5वां एनकाउंटर है। पुलिस ने सोमवार(18 मई) की सुबह-सुबह सीवान में जामापुर सोना दुकान लूटकांड के एक आरोपी को दौड़ाकर पैर में गोली मारी थी। वहीं पटना में एक शिक्षक से लूटपाट और गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक अपराधी संदीप उर्फ बादल के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी प्रिंस पकड़ा गया। जबकि मंगलवार(19 मई) की सुबह पटना में दिनदहाड़े सिक्योरिटी वैन से 27 लाख लूट में शामिल बदमाश को पुलिस ने दौड़ाकर गोली मारी है। गोली पैर में लगी है। बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बुधवार(20 मई) की अहले सुबह समस्तीपुर में पुलिस और बदमाशों की बीच 5 राउंड फायरिंग हुई। एनकाउंटर में बदमाश प्रिंस को पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *