कुरुक्षेत्र में करंट से 2 बच्चों के पिता की मौत:स्कूल बस को रास्ता देते हुए ट्रांसफार्मर की चपेट में आया; बिजली विभाग पर आरोप

कुरुक्षेत्र के शाहबाद स्थित गांव चनारथल में करंट लगने से दो बच्चों के पिता की मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय बलविंदर के रूप में हुई है, जो खेतों में स्प्रे और खाद डालने का काम करता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, बलविंदर खेतों से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव की गली में लगे ट्रांसफार्मर के पास से गुजरते समय वह एक स्कूल वैन को रास्ता देने लगा। तभी वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने जताया रोष, कार्रवाई की मांग घटना के बाद ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीण नरेश कश्यप का कहना है कि गांव में ट्रांसफार्मर और फ्यूज काफी नीचे लगाए गए हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। उनका आरोप है कि पिछले करीब एक साल से बिजली व्यवस्था खराब है और कई बार विभाग को शिकायतें दी गईं, लेकिन किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार रात करीब 1 बजे से गांव की बिजली गुल थी। फ्यूज उड़ने के कारण सप्लाई बंद हो गई थी, जबकि एक फेस पिछले करीब एक साल से डायरेक्ट चलाया जा रहा था। लोगों का आरोप है कि रात के समय लाइनमैन को सूचना दी गई, लेकिन उसने सुबह 8 बजे ड्यूटी शुरू होने की बात कहकर आने से मना कर दिया। अधिकारियों पर देरी से आने के आरोप ग्रामीणों का यह भी कहना है कि हादसे के कई घंटे बाद तक मौके पर बिजली विभाग, प्रशासन या पुलिस का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में और अधिक गुस्सा फैल गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में लगे ट्रांसफार्मर और फ्यूज को सुरक्षित ऊंचाई पर लगाया जाए तथा खुले तारों को तुरंत ठीक किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *