कुरुक्षेत्र में ट्रक के नीचे घुसी बाइक, व्यक्ति की मौत:पत्नी और बेटे की हालत गंभीर; ईद मनाने शाहाबाद आ रहे थे

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर ईद के दिन दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। शाहाबाद एरिया में जीटी रोड अमन डीलक्स ढाबे के पास ट्रक के नीचे बाइक घुस गई। इसमें बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व बेटा घायल हो गए। मृतक की पहचान युसुफ खान निवासी लंडा के रूप में हुई। युसुफ खान जीटी रोड पर पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करता था। आज ईद के मौके पर युसुफ अपनी पत्नी सबरी और बेटा सहबीर के साथ बाइक पर गांव से शाहाबाद आ रहा था। इसी दौरान उनके साथ हादसा हो गया। ट्रक ड्राइवर ने एकदम मारी ब्रेक पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक काफी स्पीड से चल रहा था। इसी दौरान ड्राइवर ने एकदम ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रक के पीछे परिवार के साथ आ रहा युसुफ अपनी बाइक को रोक नहीं सका। युसुफ की बाइक ट्रक के नीचे घुस गई। ट्रक उस बाइक को सड़क पर काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। मौके पर मच गई चीख-पुकार युसुफ बाइक के साथ ही फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युसुफ की पत्नी काफी शोर भी मचाया। शोर-शराबा सुनकर हाईवे पर गुजर रहे लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में घायल सबरी और सहबीर को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रेफर कर दिया। ईद की खुशियां मातम में बदली युसुफ अपने परिवार के साथ ईद की खुशियों मनाने के लिए घर से निकला था। हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दी। जैसे ही युसुफ खान की मौत की खबर गांव लंडा पहुंची, पूरे गांव में शोक फैल गया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है और ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *