नारनौल में व्यक्ति का अपहरण कर एक लाख कैश लूटा:बेटा बोला- थाने में बैठाकर पिता को पीटा; शिकायत वापस लेने का बनाया दबाव

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में एक युवक ने कुछ लोगों पर उसके पिता का अपहरण कर मारपीट करने और एक लाख रुपए लूटने का आरोप लगाया है। साथ ही उसने निजामपुर थाना पुलिस पर भी आरोपियों का पक्ष लेने और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर युवक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव ताजीपुर निवासी युवक ने शिकायत में बताया कि उसके पिता 19 मई को एक शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान वह अपने साथ एक लाख रुपए भी लेकर गए थे, जो उन्हें रिश्तेदारी में देने थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए। पुलिस को बुलाया आरोपियों ने कथित रूप से उनसे एक लाख रुपए छीन लिए तथा उनके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने बाकी पांच लाख रुपए देने की भी धमकी दी। परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। छोटे भाई का फोन भी छीना शिकायत के अनुसार पुलिस की मदद से उसके पिता को आरोपियों के कब्जे से छुड़वाया गया। इस दौरान आरोपियों द्वारा उसके छोटे भाई का मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया गया है, जिसे बाद में पुलिस ने वापस दिलवाया। पिता को ही बैठाया थाने पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने निजामपुर पुलिस थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उनके पिता को पूरे दिन थाने में बैठाए रखा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी और थाना स्टाफ ने उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। पुलिस ने पिता को पीटा इतना ही नहीं, युवक ने आरोप लगाया कि उसके पिता के साथ थाने में मारपीट भी की गई, जिससे उनके पैरों में चोटें आईं। शिकायतकर्ता ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ अपहरण, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करने तथा संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच कराने की मांग की है। वहीं पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि युवक व उसके परिजनों की ओर से एक शिकायत मिली है। उस शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *