हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला, उसकी बहन और एक व्यक्ति ने स्थानीय युवक को झूठे मामले में फंसाने और बदनाम करने की धमकी देकर उससे करीब 11 लाख रुपए की उगाही कर ली। पीड़ित की शिकायत पर भुंतर थाना में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में कुल्लू की ही रंजली देवी, उसकी बहन चांदनी और जगदीश शामिल है। पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को कुल्लू जिले के मढ़घन गांव निवासी गोविंद सिंह को एक अज्ञात महिला का फोन आया। बातचीत के दौरान महिला ने उसे भुंतर स्थित अपने कमरे पर मिलने के लिए बुलाया। गोविंद सिंह जब भुंतर पहुंचे तो महिला उन्हें लेने आई और अपने कमरे तक ले गई। कमरे में पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी, जो कुछ देर बाद बाहर चली गई। इसके बाद दूसरी महिला ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद महिला का दोस्त जगदीश और दूसरी महिला अचानक कमरे में पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने गोविंद सिंह को घेर लिया और झूठे केस में फंसाने तथा समाज में बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ठगी का शिकार व्यक्ति घर पर ही खेतीबाड़ी करता है। एटीएम कार्ड लेकर खुद पैसे निकाले पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उनसे पहले 50 हजार रुपए नकद ले लिए। इसके बावजूद उनका लालच कम नहीं हुआ और उन्होंने डराकर गोविंद सिंह का एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि आरोपी एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर खुद कई बार पैसे निकाले। 11 लाख रुपए जबरन वसूली गोविंद सिंह का आरोप है कि महिला और उसके दोस्त ने झूठे केस का डर दिखाकर उनसे कुल मिलाकर करीब 11 लाख रुपए की जबरन वसूली की है। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा लगातार फोन कर और पैसों की मांग भी की जा रही थी। पुलिस शिकायत के बाद जांच में जुटी: SP कुल्लू के एसपी मदन लाल ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए है। उनसे पूछताछ जारी है और पता लगाया जा रहा है कि इन्होंने और कितने लोगों से धोखाधड़ी की है। पुलिस ने आरोपियों से दो लाख 50 हजार रुपए बरामद भी कर दिए है।