कैथल में व्यक्ति की छाती में मारी गोली, मौत:रास्ते को लेकर विवाद, तीन राउंड किए फायर; बाल-बाल बचा भतीजा

कैथल जिले के गांव स्यू माजरा में खेत में काम करके लौट रहे चाचा भतीजे पर एक आरोपी ने गोलियां चला दी। इस दौरान छाती में गोली लगने से करीब 22 वर्षीय चाचा की मौत हो गई। हालांकि आरोपी ने भतीजे की ओर तीन राउंड फायर किए, लेकिन चाचा बीच में आ गया, जिससे भतीजे को गोली नहीं लगी। घटना रात को करीब 11 बजे की है। भतीजे ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को गुहला अस्पताल में पहुंचाया। वहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव के ही गुरविंद्र सिंह के रूप में हुई है। तूड़ी बनाकर लौट रहे थे मृतक के भतीजे सतनाम सिंह ने बताया कि रात को करीब 11 बजे वह खेत में तूड़ी बनाकर ट्रैक्टर ट्राली से वापस लौट रहा था। जैसे ही वो नहर के पास पहुंचा, तभी डेरा प्रताप सिंह के निवासी प्रताप सिंह ने रास्ते में उसे रोक लिया और कथित तौर पर कहा कि यह उसका निजी रास्ता है और यहां से गुजरने नहीं देगा। अचानक शुरू की फायरिंग इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इस बीच उसने अपने चाचा गुरविंदर सिंह को भी वहीं बुला लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रताप सिंह ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सतनाम सिंह ने बताया कि आरोपी ने कुल तीन राउंड फायर किए, जिनमें से दो फायर उसने सतनाम सिंह की ओर किए गए, जबकि तीसरा फायर भी उसकी तरफ ही किया था कि बीच में उसके उसके चाचा गुरविंद्र सिंह आ गए ओर गोली उनकी छाती पर जा लगी। गोली लगते ही गुरविंद्र सिंह जमीन पर गिरा गोली लगते ही गुरविंद्र सिंह जमीन पर गिर गया। घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत गुहला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि गोली छाती के ऊपरी हिस्से में लगी थी। सतनाम सिंह ने बताया कि घटना के समय आरोपी के साथ उसका नौकर व बेटी भी मौजूद थे। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गुहला थाना एसएचओ सनेष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *