कैथल शहर में पार्क रोड पर एक कार ड्राइवर ने बाइक पर जा रहे पुलिस कर्मचारी को टक्कर मार दी। हादसे में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। वह अपने निजी कार्य से कैथल गया था। इस संबंध में पुलिसकर्मी ने शहर थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हरियाणा पुलिस सुनारिया जिला रोहतक में कार्यरत गांव बरटा के नरेश कुमार ने शहर थाना में दी शिकायत में बताया कि वह इस समय शहर की बाल सेठ कॉलोनी में रहता है। वह थर्ड बटालियन IRB हरियाणा पुलिस सुनारिया जेल रोहतक में EHC के पद पर कार्यरत है। चार अप्रैल को वह कैथल के पिहोवा चौक पर अपने निजी कार्य से बाइक पर सवार होकर गया था। सामने से मारी टक्कर जब सुबह करीब सात बजे वह पार्क रोड कैथल पर पर पहुंचा, तो कमेटी चौक की तरफ से सामने से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार के ड्राइवर ने अपनी कार को लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण वह सड़क पर गिर गया और उसे काफी गंभीर चोटें आई। गाड़ी का ड्राइवर मौके से अपनी गाड़ी लेकर भाग गया। उसी समय उनके गांव का लड़का बलजीत वहां आ गया, जिसने उसे इलाज के आनंद अस्पताल कुरुक्षेत्र में दाखिल करवाया, अब तक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।