गुरुग्राम के खांडसा सब्जी मंडी में हुए भारत भूषण वलेचा मर्डर केस में नया खुलासा हुआ है। मृतक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला है कि हमलावरों ने भरत भूषण पर दिल पर सुआ घोंपा था। भारत के परिवार का कहना है कि ये सब जानकर किया गया ताकि उसकी मौके पर मौत हो जाए। उसके शरीर पर लेफ्ट साइड दिल के ठीक ऊपर दो गहरे जख्म मिले हैं। डॉक्टरों के मुताबिक नुकीले सुए से किए गए इन वारों के कारण भरत भूषण का दिल पंचर हो गया था, जिससे उसकी तुरंत मौत हो गई। मृतक फ्रूट कारोबारी के भाई आशु ने बताया कि घटना वाले दिन कारोबारी भारत भूषण और उनके पिता का राहुल नाम के व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। दरअसल, भारत भूषण की दुकान के सामने फ्रूट का ट्रक लगना था, लेकिन वो आढ़ती जयभगवान की दुकान के सामने तक आ रहा था। वहां राहुल ने अनार की पेटियां लगा रखी थी। राहुल को आढ़ती जयभगवान ने फड़ी लगाने को किराए पर जगह दे रखी थी। भारत ने जब राहुल को पेटियों को हटाने को कहा तो दोनों में बहस हो गई। इसके बाद राहुल ने तुरंत फोन करके आरोपी आढ़ती जयभगवान को मौके पर बुला लिया। भारत और जयभगवान में इसी फड़ी को लेकर पहले ही झगड़ा हो रखा था। इसी का बदला लेने को जयभगवान ने उसपर सुए से हमला कर दिया। पुलिस जांच में क्या सामने आया… चबूतरे के किराए को लेकर लड़ाई पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इस हत्या के पीछे का कारण मंडी में एक थड़े (चबूतरे) को किराए पर देना था, जिसको लेकर अक्सर झगड़ा होता था। मुख्य आरोपी आढ़ती जयभगवान ने अपनी दुकान के सामने बने थड़े को बिहार के रहने वाले राहुल नाम के युवक को किराए पर दे रखा था। दो साल पुराना था गाड़ी खड़ी करने का विवाद स्थानीय व्यापारियों और पुलिस जांच से पता चला है कि जयभगवान और मृतक भारत भूषण के परिवार के बीच पिछले दो साल से दुकान के आगे गाड़ी लगाने और सामान रखने को लेकर मनमुटाव चल रहा था। भारत भूषण का कहना था कि ये सरकारी जगह है और वो यहां ट्रक खड़ा कर सकते है, लेकिन आढ़ती ने इसी किराए पर दे रखा था। सट्टे के नेटवर्क का भी आरोप इसके अलावा मृतक के भाई का आरोप है कि जयभगवान बड़े पैमाने पर अवैध सट्टे का काम करता है और इसका भारत भूषण कई बार उसके सामने जिक्र भी कर चुके थे। इसको लेकर आढ़ती कारोबारी से हमेशा नाराज रहता था। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसको लेकर अभी कोई सबूत सामने नहीं आया है, लेकिन इसकी भी जांच की जाएगी। पढ़ें कैसे भारत की हत्या की गई…. CCTV में कैद हुई वारदात यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह दोनों आरोपियों ने बाप-बेटे को घेरकर हमला किया और भारत को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जो अदालत में मुख्य सबूत बनेगा। पुलिस जांच कर रही इस संबंध में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। सट्टे के अवैध नेटवर्क के आरोपों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसी कोई बात सामने आती है तो परिजन पुलिस को शिकायत करें।