फतेहाबाद शहर में पंचायत भवन के पास मंगलवार सुबह एक प्राइवेट स्कूल की बस अचानक खराब हो गई। ड्राइवर ने स्टार्ट करने का प्रयास किया। मगर जब बस स्टार्ट नहीं हुई, तो बच्चों से धक्के लगवाए गए। इसके बावजूद बस नहीं चल सकी। बाद में बड़ी मुश्किल से बस स्टार्ट कर बच्चों को स्कूल पहुंचाया गया। बच्चों से धक्के लगवाते हुए की वीडियो भी सामने आई। हैरानीजनक बात यह है कि इस बस पर दो चालान भी पेंडिंग हैं। जिनमें एक 31 हजार रुपए का जबकि दूसरा 11 हजार रुपए का है। पंचायत भवन के पास अचानक खराब जानकारी के अनुसार, सत्यानंद पब्लिक स्कूल की बस लेकर ड्राइवर स्कूल की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक पंचायत भवन के पास बस बीच सड़क में खराब हो गई। बस में 20 से ज्यादा स्कूली बच्चे सवार थे। बस बंद होने के बाद चालक ने कुछ बच्चों को नीचे उतार दिया। इसके बाद बच्चों, एक महिला व दो पुरुषों ने बस को धक्का लगाया, मगर बस स्टार्ट नहीं हो सकी। राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फिटनेस भी कमजोर नजर आई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी देर तक सड़क किनारे खड़ी रही। बच्चों को धक्का लगाते देख लोगों ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल बच्चों की सुरक्षा के नाम पर मोटी फीस लेते हैं, लेकिन वाहनों की फिटनेस और रखरखाव को लेकर गंभीर नहीं हैं। जानकारी के मुताबिक, संबंधित स्कूल वैन पर पहले से ही दो चालान लंबित पड़े हैं। ऐसे में वाहन की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल वाहनों की नियमित जांच करवाई जाए और नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ न हो सके। ड्राइवर की गलती है, हम एक्शन लेंगे-स्कूल संचालक वहीं, इस संबंध में स्कूल संचालक मुकुल कुमार का कहना है कि ड्राइवर नया था, पता नहीं क्या हुआ, उसे बच्चों से धक्का लगवा दिया। उस पर हम एक्शन ले रहे हैं। चालान को लेकर हम लोक अदालत में चले गए थे। चालान अगली डेट पर भरेंगे।