गुरुग्राम में पटौदी-बिलासपुर रोड पर सोमवार रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब 9 बजे बाइपास के नजदीक हुआ। दोनों काम खत्म करके बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान प्रिंस (22) पुत्र लाखन सिंह और पूर्ण (23) पुत्र ईश्वर सिंह के रूप में हुई है। दोनों पटौदी के वार्ड नंबर-13 के निवासी थे और पेशे से बिजली मिस्त्री (इलेक्ट्रीशियन) थे। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपनी बाइक पर बिजली का काम खत्म करके वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बाइपास के पास पहुंचे, एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर ही तोड़ा दम टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पटौदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस जांच कर रही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटौदी के सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन और उसके ड्राइवर की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।