गुरुग्राम में डायबिटीज-वजन घटाने वाले नकली इंजेक्शन की फैक्ट्री पकड़ी:इटली की कंपनी का फर्जी ड्रग; चीन से रॉ मटेरियल मंगाकर पानी मिलाकर सप्लाई करते

गुरुग्राम की एक सोसाइटी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर नकली इंजेक्शन बनाने की एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से एक युवक को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी चीन से रॉ ड्रग्स मंगाकर यहां इटली की एक कंपनी की दवा मौनजारो-तिर्जेपाटाइड के नकली इंजेक्शन बना रहा था। इस इंजेक्शन का इस्तेमाल वजन घटाने और डायबिटीज के इलाज में किया जाता है। रविवार को टीम ने DLF फेज-4 में एक गाड़ी से 70 लाख रुपए के इंजेक्शन बरामद किए थे। इसी मामले में जांच करते हुए टीम सोमवार को सेक्टर-62 की सोसाइटी पिवटल पैराडाइज में पहुंची। यहां रॉ ड्रग्स में पानी मिलाकर इंजेक्शन तैयार किया जा रहा था। इसके बाद बारकोड, लेबलिंग और पैकेजिंग का पूरा काम भी इसी फ्लैट में होता। टीम को पैकेजिंग मशीनें भी बरामद हुई हैं। ड्रग कंट्रोल अधिकारी की अहम बातें… इटली से इंपोर्ट होकर आता है इंजेक्शन ड्रग कंट्रोल अधिकारी अमनदीप चौहान ने बताया कि ये इंजेक्शन इटली से इंपोर्ट होकर इंडिया आता है। वैसे तो ये शुगर की बीमारी में यूज होता है, लेकिन डॉक्टरों की सलाह पर इसे वजन घटाने के लिए भी लिया जाता है। हमें सूचना मिली थी कि गुरुग्राम में नकली इंजेक्शन की चेन चल रही है। सूचना पर हमने रेड की थी। इंजेक्शन की लेबलिंग में थोड़ा अंतर पहले DLF फेज-4 से मुज्जमिल को पकड़ा गया था, अब अवि शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है। मुज्जमिल उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, जबकि अवि गुरुग्राम का निवासी है। आरोपी फ्लैट में ही इन इंजेक्शनों को तैयार कर रहे थे। लेबलिंग में थोड़ा अंतर है, लेकिन आम नागरिक असली और नकली का फर्क नहीं कर पाएगा। ये इंजेक्शन बिल्कुल हुबहू बनाए जा रहे थे। इस मामले की जानकारी एली लिली कंपनी को भी दी जा रही है। पूरे नेटवर्क का पता लगा रहे पूरे भारत में इस कंपनी के इंजेक्शनों को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही बैच नंबर भी साझा किए गए हैं, ताकि स्वास्थ्य विभाग की टीमें सतर्क रहें और नकली इंजेक्शनों को पकड़ सकें। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि नकली इंजेक्शन कहां-कहां सप्लाई किए गए और इस रैकेट में कितने लोग शामिल हैं। हेल्थ एनालिस्ट बोले- बॉलीवुड स्टार भी करते हैं यूज पब्लिक हेल्थ एनालिस्ट समीर भाटी ने बताया कि कई बॉलीवुड स्टार समेत आम लोग भी मोटापा कम करने के लिए इस इंजेक्शन का इस्तेमाल करने लगे थे। इसी बढ़ती मांग का फायदा उठाकर आरोपियों ने नकली इंजेक्शन बाजार में उतार दिया। इन नकली इंजेक्शन के इस्तेमाल से एलर्जी, चेहरे पर सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय में लीवर की गंभीर बीमारियां भी पैदा हो सकती हैं। ऐसी दवा बिना डॉक्टर की सलाह के इस्तेमाल करना बेहद खतरनाक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *