गुरुग्राम में थार ने डिलीवरी बॉय को कुचला:बाइक पर पिज्जा की डिलीवरी करने जा रहा था, आरोपी ड्राइवर फरार

गुरुग्राम शहर में तेज रफ्तार थार ने एक डिलीवरी बॉय को कुचल दिया। डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद थार ड्राइवर फरार हो गया। राहगीरों ने डिलीवरी बॉय के मोबाइल से उसके मैनेजर संजय को कॉल किया। जिसके बाद संजय उसे जिला अस्पताल लेकर गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतक प्रवीण कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जालौन जिला के गांव जकदेवपुर का रहने वाला था और सेक्टर-49 के ओमेक्स माल स्थित डोमिनोज पिज्जा में डिलीवरी बॉय के रूप में नौकरी करता था। प्रवीण अपने परिवार के साथ सेक्टर-71 में सीएचडी सोसाइटी में रहता था। सेक्टर-49 के पास हुआ हादसा दोपहर में करीब ढाई बजे वह डोमिनोज से पिज्जा लेकर डिलीवरी करने के लिए निकला था। जब वह अपनी बाइक से रेडिशन ब्लू होटल के पास पहुंचा, तो आईटी स्पेज पार्क के सामने पीछे से आई तेज रफ्तार थार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिवार में अकेला कमाने वाला प्रवीण अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था और उसके कंधों पर मां-बाप के साथ अपने छोटे भाई और बहन की भी जिम्मेदारी थी। परिजनों को बताया कि उसकी तनख्वाह से फिलहाल घर चल रहा था। मां और बहनों का रो रोकर बुरा हाल है। उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि प्रवीण की मौत हो गई। सुबह वह तैयार होकर अपनी ड्यूटी के लिए निकला था। मामले की जांच में जुटी पुलिस इस बारे में सेक्टर-50 थाने के जांच अधिकारी का कहना है कि मृतक प्रवीण की मां उषा देवी की शिकायत पर सेक्टर-50 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर थार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *