हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा ली जाने वाली द्वितीय वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं की तारीख की घोषणा कर दी है। हरियाणा में 21 अप्रैल से 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ये परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक 3 घंटे की होंगी। ये परीक्षाएं 1 मई तक जारी रहेंगी। 25 फरवरी से 1 अप्रैल तक आयोजित हुई परीक्षाओं में शामिल विद्यार्थियों को बोर्ड दोबारा मौका दिया जा रहा है। इसके तहत छात्र किसी भी 3 विषयों की परीक्षा दे सकते है। इससे पहले परीक्षा के लिए 12 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। ऐसे सभी नियमित परीक्षार्थी जो वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 में प्रविष्ट हुए हैं, लेकिन अपनी दी गई परीक्षा से संतुष्ट नहीं हैं, ऐसे परीक्षार्थियों को शिक्षा बोर्ड द्वारा अंक सुधार का मौका दिया गया है। इच्छुक परीक्षार्थी अतिरिक्त विषय को छोड़कर अधिकतम किन्हीं भी 3 विषयों की पुन: परीक्षा देने के लिए स्वयंपाठी तौर पर आवेदन कर सकते हैं। नई शिक्षा नीति के तहत दिया मौका
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा नई शिक्षा नीति के तहत सेकेंडरी/सीनियर सेकेंडरी (नियमित/मुक्त विद्यालय) एवं गुरुकुल/विद्यापीठ (पूर्व मध्यमा सह माध्यमिक/उत्तर मध्यमा सह वरिष्ठ माध्यमिक) की द्वितीय वार्षिक परीक्षा 21 अप्रैल से 1 मई तक आयोजित करवाने का निर्णय लिया है। इन परीक्षाओं का समय दोपहर 2 बजे से सांय 5 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की परीक्षाओं का आयोजन 21 अप्रैल से 1 मई तथा सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की परीक्षाओं का आयोजन 21 अप्रैल से 28 अप्रैल तक करवाया जाएगा। परीक्षा केंद्र की जानकारी एडमिट कार्ड पर उपलब्ध होगी। संबंधित परीक्षार्थी के एडमिट कार्ड शीघ्र ही जारी कर दिए जाएंगे। परीक्षार्थी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें। तिथि-पत्र व आवश्यक दिशा-निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध हैं।