हरियाणा के गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो ट्रेन बीच रास्ते ही बंद हो गई। काफी देर तक यात्री इसमें फंसे रहे। पावर न आने के बाद यात्रियों को ट्रैक पर ही निकाला गया। इसके बाद यात्रियों को पैदल ही ट्रैक पर चलकर स्टेशन पहुंचना पड़ा। इस दौरान स्टेशन पर ब्लैकआउट रहा। अब इस घटना से जुड़ी एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें यात्री ट्रैक की रेलिंग पकड़कर गुजरते दिख रहे हैं। आसपास भी काफी अंधेरा नजर आ रहा है। कुछ यात्री मोबाइल की टॉर्च जलाकर ट्रैक पर चले। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि टेक्निकल फाल्ट से बिजली आपूर्ति में दिक्कत हुई है। अल्टरनेटिव सोर्स से आपूर्ति शुरू करने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान शहर के विभिन्न चौक- चौराहों पर सिग्नल लाइट भी बंद रही। ट्रांसफॉर्मर फुंकने से बिजली कट हुआ गुरुग्राम के सेक्टर-72 स्थित 220 KVA सब- स्टेशन का मुख्य ट्रांसफॉर्मर फुंक गया। शुक्रवार को इससे आसपास की बिजली व्यवस्ता चरमरा गई। ट्रासफॉर्मर फुंकने की वजह से गुरुग्राम के 7 मेन बिजलीघर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। 7 सेक्टरों की सप्लाई ठप ट्रांसफार्मर जलने से सेक्टर- 15, 38, 44, 46, 52, 56 और मारुति स्थित बिजलीघरों की सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गई। इसके कारण सेक्टर- 38 से सेक्टर- 57 तक, सेक्टर- 15 के पार्ट- 1 और 2, और सेक्टर-18 एरिया में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस ब्लैकआउट से हजारों घर प्रभावित हुए हैं। रास्ते में थमी मेट्रो, यात्री पैदल चले गुरुग्राम के DLF से सेक्टर- 54 तक रैपिड मेट्रो सर्विस करीब एक घंटे तक प्रभावित रही। रात करीब 9 बजे जो ट्रेन जहां थी, वहीं खड़ी हो गई। डीएलएफ स्टेशन के पास मेट्रो रुकने के बाद यात्रियों को पैदल ही स्टेशन तक भेजा गया। गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो रूट करीब 13 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 11 स्टेशन पड़ते हैं। बिजली कट के कारण सभी स्टेशन पर मेट्रो प्रभावित रही। वीकेंड होने के कारण शुक्रवार को मेट्रो में अधिक भीड़ रही। मरम्मत में लगेंगे 8 से 10 घंटे बिजली विभाग के अधिकारी और इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर बुरी तरह जला है, जिसे पूरी तरह ठीक करने या बदलने में 8 से 10 घंटे का समय लग सकता है। प्रभावित इलाकों में अल्टरनेटिव सोर्स से बिजली देने की कोशिश की जा रही है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम गुरुग्राम के पीआरओ संदीप चुघ का कहना है कि ट्रांसफार्मर में टेक्निकल फाल्ट होने की वजह से बिजली की सप्लाई में दिक्कत हुई है। शहर के कई हिस्सों में बिजली कट हुआ है। गुरुग्राम में 42 डिग्री तापमान रहा हरियाणा में शुक्रवार को सिरसा में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 45.5 डिग्री, हिसार में 44.3 डिग्री, अंबाला में 44.2 डिग्री और नारनौल में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं गुरुग्राम में 42.6 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। ———— यह खबर भी पढ़ें… हरियाणा में दिन में लू, रातें भी हुईं गर्म हरियाणा में शुक्रवार को औसत न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह अब भी सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतक में 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। (पूरी खबर पढ़ें)