देहरादून में गाली देने के 41 दिन बाद हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने उत्तराखंड पुलिस के सवालों का शुक्रवार को जवाब दिया है। वे हरिद्वार की खानपुर सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के साथ देहरादून एसएसपी ऑफिस पहुंचे। इस दौरान जब मीडिया ने उनसे माफी और गाली पर सवाल किया तो वे तेजी से कार की तरफ भागे और दरवाजा बंद कर काले शीशे वाली कार से वहां से रवाना हो गए। वहीं, विधायक उमेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने समन जारी किया था, जिसका जवाब देने के लिए मासूम शर्मा देहरादून पहुंचे। जब उनसे पूछा गया कि मासूम शर्मा पहले बुलाने पर क्यों नहीं आए, तो विधायक ने सफाई देते हुए कहा, “पहली बार जब बुलाया गया था, तब उनकी फिल्म आ रही थी। फिल्म के प्रीमियर और प्रचार-प्रसार के लिए उनकी डेट्स पहले से तय थीं, इसलिए वह नहीं आ पाए थे। दूसरी बार बुलाया गया तो वह तत्काल आकर अपने बयान दर्ज करा रहे हैं।” DAV कॉलेज में मंच से दी थीं गालियां मासूम शर्मा ने 11 अप्रैल को देहरादून के डीएवी (DAV) कॉलेज में एक शो के दौरान मंच से गालियां दी थीं, जिसके अगले ही दिन पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सिंगर को नोटिस जारी कर 15 दिन के अंदर पेश होने को कहा था। इस नोटिस की आखिरी तारीख 27 अप्रैल थी, लेकिन तय समय तक सिंगर ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद, 1 मई को मासूम शर्मा ने पुलिस के नोटिस का जवाब देते हुए पेश होने के लिए 10 मई तक का समय मांगा था। जब वे तय समय पर भी नहीं आए, तो पुलिस उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में जुट गई थी, जिसके बाद आखिरकार शुक्रवार को वे पुलिस के सामने पेश हुए। अब पढ़िए मासूम ने आखिर स्टेज से क्या कहा… दरअसल 11 अप्रैल को मासूम उत्तराखंड के देहरादून में DAV कॉलेज में शो करने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में सीएम धामी भी पहुंचे थे। धामी की एंट्री के वक्त दोनों ही एक दूसरे का हाथ ऊपर उठाते भी नजर आए। वहीं मासूम के करीबी माने जाने वाले खानपुर सीट से विधायक उमेश कुमार भी मंच पर ही मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मासूम ने अपने कई हिट गाने गाए। वहीं शो खत्म होने के बाद वो भड़क गए। उन्होंने मंच से ही उस युवक को गालियां देनी और चैलेंज देना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं जिसमें विधायक उमेश कुमार उन्हें रोकते हुए भी दिख रहे हैं लेकिन मासूम काफी गुस्से में थे और उन्होंने कहा- देहरादून में प्रोग्राम कर रहा हूं, अगर तेरे में दम है तो यहां आ, हयात छोड़ यहां आ और टाइम देख के आ। इस दौरान मासूम ने मंच से ही गालियां भी दीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा- बेटे तेरा नाम डिस्क्लोज नहीं करूंगा नहीं तो तू बर्बाद हो जाएगा। सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए तो माफी मांगी कार्यक्रम में मासूम शर्मा की गाली देने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा और वो ट्रोलिंग का शिकार हुए तो उन्होंने एक वीडियो जारी कर मागी मांगी उन्होंने पूरा वाकया बताते हुए कहा कि रात को बदमाश उनके होटल के चक्कर काट रहा था पूरी टीम सोई नहीं थी और उनके चाचा के लड़के को भी उल्टा सीधा बोला गया था जिसके कारण वो परेशान थे। उन्होंने आगे कहा- अगर किसी भाई बहन की भवना को ठेस पहुंची है तो मैं उसके लिए क्षमा प्राथी हूं। पहले समझिए कार्यक्रम से जुड़े सदस्य के मुताबिक क्या था पूरा मामला… रात डेढ़ बजे आया धमकी भरा कॉल कार्यक्रम से जुड़े सदस्य के मुताबिक, “10 अप्रैल को मासूम देहरादून के फाइव स्टार होटल हयात रेजिडेंसी में रुके थे। रात करीब डेढ़ बजे कुछ लड़कों ने अमेरिका में रहने वाले मासूम के चचेरे भाई को कॉल किया और कहा कि अपने भाई को बोल दो कि कल शो नहीं करेगा, नहीं तो स्टेज पर ही मार देंगे।” उन्होंने बताया, “रात में होटल के आसपास कुछ लड़के घूम रहे थे। ये प्रेमनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें कुछ स्टूडेंट थे, लेकिन ये बाहर के थे। टीम को उनकी मूवमेंट संदिग्ध लगी थी।” पूरी रात अलर्ट रही टीम, किसी ने नहीं सोया सदस्य के अनुसार, “जब धमकी की जानकारी मिली तो पूरी टीम अलर्ट हो गई। मासूम भी काफी परेशान हो गए थे। पूरी टीम रात भर सो नहीं पाई और लगातार इस बात पर नजर रखी कि कहीं कोई दिक्कत न हो जाए।” उन्होंने कहा, “अगले दिन जब शो शुरू हुआ तो सब कुछ नॉर्मल था और कार्यक्रम सही तरीके से पूरा हो गया। लेकिन शो खत्म होने के बाद मासूम को रात वाली बात याद आ गई और वही गुस्सा स्टेज पर निकल गया।” स्टेज से दी चुनौती, गाली देकर कहा-अब जो करना है कर लो सदस्य ने बताया, “शो खत्म होने के बाद मासूम ने स्टेज से कहा कि मैं देहरादून में शो कर चुका हूं, अब जो करना है कर लो। उन्होंने ये बात गुस्से में गाली देकर कही। बाद में उन्होंने इसके लिए माफी भी मांग ली।”