गुरुग्राम में औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-34 स्थित ‘विजन आरएक्स लैब’ कंपनी के बाहर सोमवार को माहौल गरमा गया। कंपनी के 500 से अधिक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। आज सुबह पहली शिफ्ट के साथ ही कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार किया और कंपनी के मुख्य द्वार पर जमा होकर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी में लंबे समय से काम करने के बावजूद उन्हें उचित ग्रेड और मानदेय नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों की मांग है कि जो कर्मचारी कंपनी को 2 साल से अधिक का समय दे चुके हैं, उन्हें ‘सेमी-स्किल्ड’ ग्रेड में शामिल किया जाए। वहीं, 5 साल से ज्यादा अनुभव वालों को ‘स्किल्ड’ और 10 साल से अधिक पुराने अनुभवी कर्मचारियों को ‘हाई-स्किल्ड’ ग्रेड का लाभ मिलना चाहिए। कम इंक्रीमेंट से नाराजगी
हड़ताल का एक बड़ा कारण वार्षिक वेतन वृद्धि की बेहद कम दर है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान महंगाई दर को देखते हुए प्रबंधन द्वारा दिया गया इंक्रीमेंट नाकाफी है। उनकी मांग है कि वार्षिक इंक्रीमेंट को कुल सैलरी का कम से कम 10 प्रतिशत फिक्स किया जाए, ताकि वे अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा कर सकें। कैंटीन और बुनियादी सुविधाएं मिले
वेतन के अलावा, कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नाइट शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए कैंटीन की कोई उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। प्रबंधन की चुप्पी
फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कर्मचारियों नेस्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी ग्रेडिंग और वेतन संबंधी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल और प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल प्रबंधन की तरफ से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को बुलवाया गया है।