भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर नगर निगम ने गैर-स्वीकृत कॉलोनियों के निवासियों को बड़ी राहत देते हुए पानी और सीवरेज कनेक्शनों को नियमित करने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया। महापौर वनीत धीर की पहल पर कमिश्नर संदीप ऋषि और संयुक्त कमिश्नर डॉ. सुमनदीप कौर के निर्देशों के तहत यह कैंप जोन नंबर 6 के 66 फीट रोड और विजय नगर कॉलोनी के निकटवर्ती क्षेत्र में लगाया गया। शिविर का संचालन एस्टेट अफसर-कम-चीफ टैक्स कलेक्टर श्री अश्वनी गिल और सुपरिंटेंडेंट वाटर रेट हरप्रीत वालिया की देखरेख में वाटर रेट टीम के सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर में कुल 25-30 कनेक्शनों को मौके पर ही नियमित किया गया। यहां एरिया इंचार्ज राजीव द्रविड़ भी मौजूद थे।