लुधियाना। जमालपुर में एक ही कॉलोनी से चार बच्चों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। घटना 29 अप्रैल की है, जब दो सगी बहनें स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं लेकिन न तो स्कूल पहुंचीं और न ही वापस लौटीं। देर शाम तक कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो पता चला कि उसी कॉलोनी के दो अन्य बच्चे भी उसी समय से गायब हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मामला थाना जमालपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) के तहत केस दर्ज कर लिया है। शिकायत में आशंका जताई गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चों को बहला-फुसलाकर या अपने निजी स्वार्थ के लिए अवैध रूप से कहीं छिपाकर रखा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चे घर से कपड़े बैग में डालकर निकले थे और एक सीसीटीवी फुटेज में सभी एक ऑटो में बैठते नजर आए हैं। थाना पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।