चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित शिव ठाकुरद्वारा मंदिर के पास बनी मार्केट में करियाना दुकान चलाने वाले दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। वारदात उस समय हुई जब दुकानदार भाइयों ने एक युवक को उधार में सामान देने से मना कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 23 वर्षीय ओसामा और उसके भाई शादाब के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोल्ड ड्रिंक और खाने-पीने का सामान मांगा घायल युवकों के बड़े भाई जावेद के अनुसार नदीम नाम का युवक दुकान पर आया था। उसने दुकान के अंदर आकर कोल्ड ड्रिंक और खाने-पीने का सामान मांगा। जावेद ने बताया कि आरोपी एचडीएफसी बैंक के नजदीक रहता है, जबकि उसके कुछ साथी दुकान के बाहर खड़े थे। परिजनों का आरोप है कि नदीम पहले भी कई बार दुकान से उधार सामान लेकर जाता था। जब ओसामा और शादाब ने उसे उधार देने से मना किया तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि देर बाद नदीम अपने साथियों के साथ वापस आया और दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान दुकान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। अस्पताल में हालत नाजुक परिजनों के मुताबिक हमले में सबसे ज्यादा गंभीर चोट ओसामा को लगी है। आरोपित ने उसके कान के पीछे चाकू से वार किया, जिससे गहरी चोट आई। स्वजन का कहना है कि वार इतना तेज था कि कान के पीछे की नस कट गई और काफी खून बहने लगा। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है। ओसामा का सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं उसके भाई शादाब पर भी आरोपियों ने चाकू से हमला किया। हमले के दौरान उसके सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों को अस्पताल पहुंचाया।