हरियाणा के दो पूर्व सीएम पर BJP नेताओं के विवादित बयानों से प्रदेश का सियासी पारा बढ़ रहा है। पहले भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भजनलाल को ‘बदमाश’ बताया था। अब सफीदों से पार्टी विधायक रामकुमार गौतम ने ओमप्रकाश चौटाला को ‘नाश’ बताने वाला बयान दिया।
पूर्व सीएम के पोते एवं पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने गौतम का लीगल नोटिस भेजा है। इस तरह की बयानबाजी क्या भाजपा की रणनीति का हिस्सा है? इस पर इनेलो नेता प्रो. संपत्त सिंह कहते हैं-भाजपा जानबूझकर सीखा-पढ़ाकर अपने नेताओं से ऐसे बयान दिलवा रही है। वहीं, JJP सुप्रीमो अजय चौटाला ने गौतम को लेकर कड़ी टिप्पणी की। बोले- जो गोबर खा सकता है, कुछ भी कह सकता है।
रेखा शर्मा के बयान के बाद भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई के आक्रामक तेवर देखते हुए भाजपा हाईकमान को हस्तक्षेप करना पड़ा। जिसके बाद रेखा शर्मा ने बयान पर खेद जताया। हालांकि भजन के दूसरे बेटे एवं पंचकूला से कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने पंचकूला कोर्ट में दो केस डाले हैं। इन दोनों बयानों के बाद विपक्ष ने दो पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी पर भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि जिन नेताओं के खिलाफ बयानबाजी की गई उनका स्वर्गवास हो चुका है और दोनों भाजपा के साथ गठबंधन में रह चुके हैं। पहले जानिए BJP नेताओं ने क्या बयान दिए … विधायक रामकुमार गौतम का ओपी चौटाला पर विवादित बयानः विधायक ने 5 दिन पहले करनाल के असंध में पूर्व सीएम चौ. ओपी चौटाला पर बयान दिया। जिसमें कहा-पूर्व सीएम ब्राह्मण विरोधी थे। कहते थे बीजेपी और ब्राह्मण कहीं धरती पर दिख जाए तो मुझे बता देना। चौटाला साहब का समझौता बीजेपी से था और बीजेपी के खिलाफ बोलते थे और कहता था कि साल 2000 में उसने सारी बीजेपी उजाड़ दी। ये भी रिकॉर्ड की बात है, उसने किसी ब्राह्मण को डिप्टी स्पीकर या चीफ पार्लियामेंट्री सेक्टरी नहीं बनाया। कहता था कि इस कौम का नाश कर दूंगा। नाश तो खुद का ही हो गया। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भजनलाल को बदमाश कहाः रेखा शर्मा ने पंचकूला में नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी के सामने मंच से कहा था कि इस एरिया में भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन (कांग्रेस विधायक) की बदमाशी थी। बदमाशी करके इन्होंने इलेक्शन जीते थे। रेखा शर्मा के मुंह से बंसीलाल भी निकला, लेकिन वह रुक गईं। चौटाला और बिश्नोई परिवार ने लीगल नोटिस भेजे दोनों नेताओं के बयान के बाद दोनों परिवारों ने बदजुबानी करने वाले दोनों नेताओं को लीगल नोटिस भेजे हैं। रेखा शर्मा के खिलाफ पहले से ही चंद्रमोहन बिश्नोई ने कोर्ट केस कर रखा है। वहीं, रामकुमार गौतम को हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने लीगल नोटिस भेजा है। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि रामकुमार गौतम की ओच्छी मानसिकता समाज को बांटने वाली है और उनके इस बयान से ओमप्रकाश चौटाला के समर्थकों को ठेस पहुंची है। ओपी चौटाला जैसी महान शख्सियत को किसी समुदाय विशेष के विरुद्ध प्रस्तुत करना निंदनीय है। बड़ौली बोले- मुझे बयान का पता ही नहीं वहीं, जब इस बारे में हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली से बात की गई तो उन्होंने रामकुमार गौतम के बयान के बारे में जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। जब उनसे कहा गया कि विपक्ष का आरोप है कि पहले भजनलाल और अब ओमप्रकाश चौटाला पर बयानबाजी दी गई है, इस पर बड़ौली ने कहा कि मैं बयान देखकर ही कोई प्रतिक्रिया कर पाउंगा। मैं पहले बयान देखता हूं। चौटाला पर टिप्पणी के बाद कौन क्या बोला… इनेलो बोली- भाजपा नेता जानबूझकर बयानबाजी कर रहे मामले में इनेलो के राष्ट्रीय सरंक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह ने कहा कि स्वर्गीय चौटाला साहब पर इस प्रकार के निराधार आरोप लगाना रामकुमार गौतम की हताशा और राजनीतिक स्तरहीनता को दर्शाता है। ऐसे बयान किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को शोभा नहीं देते। लगता है कि यह सब उन्हें सुनियोजित रूप से सिखाया-पढ़ाया गया हो। पहले स्वर्गीय भजन लाल और अब स्वर्गीय ओम प्रकाश चौटाला। साफ है कि इसमें भारतीय जनता पार्टी की ही मिलीभगत है तभी अचानक से ये नेता कैमरे पर आकर ऐसे बयान दे रहे हैं। अजय बोले- जो गोबर खा सकता है, कुछ भी कह सकता है वहीं, जजपा सुप्रीमो अजय चौटाल ने चौ. ओपी चौटाला पर दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रामकुमार गौतम कुछ भी कह सकते हैं, वो दादा हैं। जो आदमी जिसका विधानसभा में यह रिकॉर्ड है कि 10 किलो गोबर खा सकता है, वह कुछ भी कह सकता है। वहीं, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि गौतम का चीफ मिनिस्टर बनने का सपना था, लेकिन वो पूरा नहीं हो सका। हमने उसे लीगल नोटिस भेज दिया है। इनेलो के ब्राह्मण नेता बोले- मुझे डिप्टी स्पीकर बनाया वहीं बुधवार को भिवानी में इनेलो के संसदीय बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री वासुदेव शर्मा ने कहा कि विधायक रामकुमार गौतम अनर्गल बातें कर रहे हैं। इन बातों से क्या लेना चाहते हैं। इन बातों से ना उनके परिवार का भला, ना समाज का भला और ना ही खुद का भला होने वाला है। शर्मा ने कहा कि गौतम ने कहा था कि चौटाला साहब ने किसी ब्राह्मण को पार्लियामेंट सेक्रेटरी व डिप्टी स्पीकर नहीं बनाया। मगर मैं खुद डिप्टी स्पीकर रहा हूं। उनके अलावा भी अन्य लोगों को भी पद देने का काम किया गया। उनको पहले पढ़ना व रिसर्च करनी चाहिए। वासुदेव शर्मा ने कहा कि अब गौतम बुजुर्ग हो चुके हैं, लोग उन्हें मसखरे के रूप में लेने लगे हैं।