चंडीगढ़ के डॉ. आम्बेडकर कॉलेज को उड़ाने का मैसेज:छात्रों-स्टाफ को बाहर निकाला, सर्च ऑपरेशन चलाया, पहले भी मिल चुकी धमकियां

चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित डॉक्टर आम्बेडकर कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। कंट्रोल रूम को मिले मैसेज के बाद पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गई और कॉलेज परिसर में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जानकारी के मुताबिक, कंट्रोल रूम को एक मैसेज मिला, जिसमें कॉलेज को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की टीम, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। पूरे कॉलेज परिसर को घेर लिया गया और हर कोने की गहन तलाशी ली गई। छात्रों को बाहर निकाल कर जांच एहतियात के तौर पर पुलिस ने कॉलेज में मौजूद सभी छात्रों और स्टाफ को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला और आने-जाने वाले लोगों की जांच शुरू कर दी गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। शुरुआती जांच में यह धमकी झूठी प्रतीत हो रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं। ईमेल की साइबर सेल कर रहा जांच साइबर टीम को धमकी भरे मैसेज के स्रोत का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि मैसेज कहां से भेजा गया, किस डिवाइस से भेजा गया और इसके पीछे कौन व्यक्ति या समूह शामिल हो सकता है। पुलिस मोबाइल नंबर, इंटरनेट आईपी और अन्य डिजिटल सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें-चंडीगढ़ पुलिस चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अगर कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। गौरतलब है कि इससे पहले भी शहर में कई अहम स्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। स्कूलों, पंजाब सचिवालय, जिला अदालत और पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को भी पहले ऐसे ही धमकी भरे मैसेज मिल चुके हैं। हर बार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन ज्यादातर मामलों में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *