चंडीगढ़ नगर निगम का अवैध अतिक्रमण पर एक्शन:बुडैल से लेकर सेक्टर-17 तक कार्रवाई, 64 लोगों के काटे गए चालान

चंडीगढ़ नगर निगम चंडीगढ़ (MCC) ने बुधवार को शहर में अवैध अतिक्रमण और सार्वजनिक जगहों पर कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया। बुडैल, सेक्टर-40/41 मार्केट और सेक्टर-17 बैंक स्क्वायर समेत कई इलाकों में कार्रवाई करते हुए निगम की टीमों ने कुल 64 चालान किए। नगर निगम के प्रवर्तन विंग की ओर से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना और पैदल आवाजाही को सुचारु बनाना था। बुडैल में कबाड़ी दुकानों और मोटर मार्केट पर कार्रवाई बुडैल में फिरनी रोड स्थित मोटर मार्केट और कबाड़ी दुकानों के आसपास निगम की टीम ने इंजीनियरिंग विंग के साथ संयुक्त अभियान चलाया। यहां सार्वजनिक सड़कों और खाली जगहों पर कबाड़ सामग्री व खराब वाहन खड़े किए गए थे। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण हटाया गया और 22 चालान किए गए। निगम अधिकारियों के अनुसार अवैध कब्जों और कबाड़ के कारण ट्रैफिक जाम के साथ-साथ आम लोगों को परेशानी हो रही थी। सेक्टर-40 और 41 मार्केट में रात को चला अभियान सेक्टर-40 और 41 की मार्केट में संयुक्त आयुक्त डॉ. हिमांशु गुप्ता की निगरानी में देर रात विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर रखे गए सामान और अवैध रूप से घेरा गया कॉरिडोर खाली कराया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ 27 चालान काटे गए। सेक्टर-17 बैंक स्क्वायर में रेहड़ी वालों पर शिकंजा सेक्टर-17 स्थित बैंक स्क्वायर में निगम टीम ने अवैध फल विक्रेताओं और बिना अनुमति रोटी-चावल बेचने वाले वेंडरों को हटाया। सार्वजनिक जगह घेरने और पैदल रास्ता बाधित करने पर 15 चालान किए गए। नगर निगम ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। निगम ने दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी वालों और आम लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *