चंडीगढ़ शहर के सेक्टर 24 और 29 में दो नए कम्युनिटी सेंटर बनने जा रहे हैं। नगर निगम (MC) ने इन दोनों सेक्टरों में नए कम्युनिटी सेंटर बनाने की कवायद तेज कर दी है। इन प्रोजेक्ट्स के लिए निगम को टेंडर मिल चुके हैं और अब मामला तकनीकी मूल्यांकन के चरण में पहुंच गया है। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सेक्टर 24 में आएगी 10 करोड़ की लागत सेक्टर 24 में कम्युनिटी सेंटर का निर्माण खाली पड़ी जमीन पर किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक इसका अनुमानित बजट करीब 10 करोड़ रुपये है। इसमें बेसमेंट पार्किंग की सुविधा होगी। साथ ही ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर का निर्माण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए अब तक 3 कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाते हुए बोली लगाई है। सेक्टर 29 में पुरानी इमारत ढहाकर बनेगा नया भवन सेक्टर 29 में वर्तमान में स्थित करीब 20 साल पुरानी जर्जर इमारत को गिराकर उसकी जगह नई बिल्डिंग खड़ी की जाएगी। इसका अनुमानित बजट करीब 8 करोड़ रुपये है। यह भवन ग्राउंड प्लस टू (तीन मंजिला) होगा, जिसमें सरफेस पार्किंग की व्यवस्था दी जाएगी। इस प्रोजेक्ट के लिए निगम को 2 कंपनियों की बिड्स प्राप्त हुई हैं। लाइब्रेरी और जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी इन दोनों ही केंद्रों को केवल शादी-ब्याह या सामाजिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इनमें आधुनिक सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है। इसमें सोशल फंक्शन हॉल बनाया जाएगा, जो बड़े कार्यक्रमों के लिए विशाल जगह होगी। पढ़ने के शौकीनों के लिए शांत वातावरण वाली लाइब्रेरी बनेगी। फिटनेस के लिए अत्याधुनिक जिम की सुविधा भी दी जाएगी। कमाई का मुख्य जरिया हैं ये सेंटर चंडीगढ़ नगर निगम के लिए कम्युनिटी सेंटर राजस्व का एक बड़ा स्रोत हैं। शहर में वर्तमान में 56 कम्युनिटी सेंटर संचालित हो रहे हैं। बुकिंग के जरिए निगम को हर साल करीब 25 से 30 लाख रुपये की कमाई होती है।