चंडीगढ़ में मल्टीलेवल पार्किंग में कमर्शियल स्पेस की मांग:मेयर ने चीफ सेक्रेटरी को लिखा पत्र, कहा- प्रोजेक्ट से नगर निगम को होगा फायदा

चंडीगढ़ में बढ़ती पार्किंग समस्या के समाधान के लिए नगर निगम सेक्टर-17 और 8 में जर्जर अंडरग्राउंड पार्किंग को तोड़कर उनकी जगह आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की तैयारी में है। इसी मामले में अब चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने चीफ सेक्रेटरी को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में मांग की है कि प्रोजेक्ट में गाड़ियां खड़ी करने के साथ ही कमर्शियल स्पेस की भी व्यवस्था की जानी चाहिए। ऐसे में मल्टीलेवल पार्किंग का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए। अभी जो प्लान तैयार किए गए हैं, उनमें केवल पार्किंग की सुविधा है, जबकि ऊपर या आसपास कमर्शियल स्पेस जोड़कर इसे और उपयोगी बनाया जा सकता है। प्रशासन को दिया है यह सुझाव नगर निगम की तरफ से सेक्टर-17 (MOH ऑफिस के पास) 248 कारों की क्षमता वाली पार्किंग बनाई जा रही है। इसी तरह BSNL एक्सचेंज के पास 109 कारें और 82 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग, सेक्टर-8 मध्य मार्ग पर 190 कारें और 113 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग बनाने की योजना है। इसके अलावा, इंडस्ट्रियल एरिया में एलांटे मॉल के सामने स्थित पार्किंग को भी मल्टीलेवल बनाकर उसमें कमर्शियल स्पेस जोड़ने का सुझाव दिया गया है। निगम को इस प्रोजेक्ट से फायदा होगा मेयर ने पत्र में कहा कि पार्किंग प्रोजेक्ट में दुकानों को शामिल करने से नगर निगम का ही फायदा होगा। इससे नगर निगम की आय बढ़ेगी, जगह का बेहतर उपयोग होगा और लोगों को एक ही जगह पार्किंग के साथ खरीदारी की सुविधा मिलेगी। मेयर ने मुख्य सचिव से आग्रह किया है कि चीफ आर्किटेक्ट को निर्देश दिए जाएं, ताकि इन प्रोजेक्ट्स के संशोधित नक्शे तैयार किए जा सकें, जिनमें कमर्शियल स्पेस भी शामिल हो। आईआईटी ऑडिट के बाद बंद हुई थी पार्किंग करीब 50 वर्ष पुरानी इन पार्किंग स्थलों को आईआईटी रुड़की के स्ट्रक्चरल ऑडिट के बाद बंद कर दिया गया था। रिपोर्ट में गंभीर संरचनात्मक खामियां सामने आई थीं, जिसके चलते मरम्मत के बजाय इन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर नए सिरे से निर्माण का निर्णय लिया गया। सेक्टर-8 स्थित अंडरग्राउंड पार्किंग के पुनरुद्धार की जिम्मेदारी एनआईटीटीटीआर को सौंपी गई है। यह पार्किंग सतह प्लस एक अंडरग्राउंड लेवल की है। पुनरुद्धार के बाद यहां करीब 50 कारों की क्षमता विकसित की जाएगी। सतह क्षेत्र का उपयोग भी पार्किंग के लिए किया जाएगा और संरचनात्मक मजबूती का आकलन रिपोर्ट में किया जाएगा। अभी केवल एक मल्टीलेवल पार्किंग वर्तमान में सेक्टर-17 में नगर निगम की एक ही मल्टीलेवल पार्किंग संचालित है, जिसका अभी शत-प्रतिशत उपयोग नहीं हो रहा है। इसके निचले तल पर गिनती की ही कारें खड़ी होती हैं। निगम प्रशासन इसके उपयोग को बढ़ाने के प्रयास कर रहा है। नई परियोजनाओं के साकार होने के बाद सेक्टर-17 और सेक्टर-8 में पार्किंग व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है, जिससे व्यापारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *